“मैं वापस आऊंगा” का पहला गाना उम्मीद, प्यार और सुकून का संदेश देता है
“मैं वापस आऊंगा” का पहला गाना उम्मीद, प्यार और सुकून का संदेश देता है
ख़बर ख़ास, फिल्म :
फिल्म “मैं वापस आऊंगा” के निर्माताओं ने अपने पहले गाने “क्या कमाल है” को रिलीज कर दिया है, जो मौजूदा अशांत दौर में उम्मीद, प्यार और आंतरिक शांति का संदेश लेकर आता है। अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ ने इस गाने को अपने दिल के बेहद करीब बताया और कहा कि इसकी सादगी और ईमानदारी श्रोताओं को ठहरकर महसूस करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर.रहमान के साथ काम करने को एक बड़ा सम्मान बताया, यह कहते हुए कि उनके साथ काम करना कभी काम जैसा महसूस ही नहीं होता।
दिलजीत ने निर्देशक इम्तियाज अली की भी सराहना की और कहा कि उनकी फिल्मों की दुनिया बेहद वास्तविक होती है, जहां कुछ भी बनावटी नहीं लगता। वहीं गीतकार इरशाद कामिल के शब्दों को उन्होंने दिल से निकला और सीधे दिल तक पहुंचने वाला बताया। “क्या कमाल है” गाना 1947 के विभाजन के दौर की उन प्रेम कहानियों से प्रेरित है, जो हर दर्द और बिछड़ने के बावजूद खत्म नहीं हुईं। यह गीत प्यार, साथ और उम्मीद की उस ताकत को दर्शाता है, जो हर मुश्किल को पार कर सकती है।
इम्तियाज अली के अनुसार, आज की दुनिया में बढ़ती असुरक्षा और अशांति के बीच यह गाना लोगों को सुकून और सकारात्मकता का एहसास कराता है। ए. आर. रहमान ने कहा कि इम्तियाज और इरशाद के साथ काम करना हमेशा एक अधूरी बातचीत को आगे बढ़ाने जैसा लगता है। उन्होंने बताया कि यह गाना बिछड़ने और दर्द की कहानी के बीच छिपी खूबसूरती और सुकून को उजागर करता है। वहीं इरशाद कामिल ने इसे सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक ऐसा सपना बताया, जिसमें एक ऐसी दुनिया की कल्पना की गई है जहां सिर्फ प्यार, शांति और खुशियां हों।
फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ नसीरुद्दीन शाह, शर्वरी वाघ और वेदांग रैना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। “मैं वापस आऊंगा” 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और दर्शकों को एक भावनात्मक और दिल छू लेने वाली कहानी का अनुभव कराएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0