न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ की टीम की रणनीति
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ की टीम की रणनीति
ख़बर ख़ास, खेल :
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले पहले टी-20 मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम के बल्लेबाजी क्रम को लेकर बड़ा बयान दिया है। नागपुर में आयोजित प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्या ने स्पष्ट किया कि ईशान किशन इस सीरीज में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करेंगे। उन्होंने कहा कि ईशान टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों का अहम हिस्सा हैं और हाल के दिनों में उनके प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट का भरोसा और मजबूत किया है।
सूर्यकुमार यादव ने बताया कि टीम प्रबंधन को नंबर तीन के लिए ईशान किशन सबसे मजबूत विकल्प नजर आते हैं। घरेलू क्रिकेट में उनकी निरंतरता और आक्रामक खेल शैली को देखते हुए उन्हें लगातार मौके दिए जाने का फैसला किया गया है। वहीं, करीब 25 महीने बाद टीम में लौटे श्रेयस अय्यर को फिलहाल प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलेगी। कप्तान ने संकेत दिए कि टीम संयोजन और मौजूदा फॉर्म को प्राथमिकता दी जा रही है।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ईशान किशन पहले भी नंबर तीन पर खेल चुके हैं। अब तक उन्होंने इस पोजिशन पर चार मैच खेले हैं, जिनमें 114 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके खाते में दो अर्धशतक शामिल हैं और उनका औसत 28.50 रहा है। ईशान ने मार्च 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 डेब्यू किया था। अब तक वे 32 टी-20 मैच खेल चुके हैं, जिनमें 796 रन बनाए हैं। उनका औसत 25.67 रहा है और वे छह अर्धशतक लगा चुके हैं। ईशान का आखिरी टी-20 मुकाबला नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था।
घरेलू क्रिकेट में ईशान किशन का हालिया प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 के टॉप रन-स्कोरर रहे। झारखंड की ओर से खेलते हुए उन्होंने 10 मैचों में 517 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 57.44 और स्ट्राइक रेट 197.32 रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में दो शतक और दो अर्धशतक जमाए और टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को नागपुर में खेला जाएगा, जहां सभी की नजरें ईशान किशन के प्रदर्शन पर टिकी होंगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0