सचिन तेंदुलकर के साथ खेल चुके जम्मू-कश्मीर पैरा टीम के कप्तान ने ट्रायल में युवाओं को दिया आत्मविश्वास का मंत्र
सचिन तेंदुलकर के साथ खेल चुके जम्मू-कश्मीर पैरा टीम के कप्तान ने ट्रायल में युवाओं को दिया आत्मविश्वास का मंत्र
ख़बर ख़ास, खेल :
पंजाब के लुधियाना में आयोजित पैरा क्रिकेट टीम के ट्रायल उस समय खास बन गए, जब देश के जाने-माने पैरा क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। ट्रायल में हिस्सा लेने आए नए पैरा क्रिकेटरों के सामने आमिर ने न सिर्फ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, बल्कि अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा कर उन्हें प्रेरित भी किया।
आमिर हुसैन लोन ने बताया कि उनके दोनों हाथ नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने क्रिकेट को कभी अपने रास्ते की रुकावट नहीं बनने दिया। उन्होंने कहा कि वह पूरे आत्मविश्वास और फ्लो के साथ बैटिंग और बॉलिंग करते हैं। अपनी बात रखते हुए आमिर भावुक भी हो गए और युवाओं को जिंदगी और क्रिकेट दोनों का अहम सबक दिया।
उन्होंने कहा, “क्रिकेट में एक ओवर में छह गेंद होती हैं। अगर पांच गेंद डॉट भी चली जाएं तो आखिरी गेंद पर छक्का मारकर पूरा मैच बदला जा सकता है। इसी तरह जिंदगी में भी अगर कई मौके हाथ से निकल जाएं, तो एक सही मौका आपकी किस्मत बदल सकता है।” आमिर ने दिव्यांग खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपनी कमजोरी को अपनी ताकत बनाएं और कभी हार न मानें।
आमिर हुसैन लोन का चयन साल 2013 में पैरा क्रिकेट टीम में हुआ था, जब वह ग्रेजुएशन कर रहे थे। क्रिकेट के जुनून के चलते उन्होंने उस समय पढ़ाई छोड़ दी थी। हालांकि अब उन्होंने दोबारा शिक्षा की ओर कदम बढ़ाया है और चंडीगढ़ के आर्यन ग्रुप ऑफ कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के रहने वाले आमिर वर्तमान में जम्मू-कश्मीर पैरा क्रिकेट टीम के कप्तान हैं। इतना ही नहीं, वह अडानी फाउंडेशन की मदद से जम्मू-कश्मीर में एक पैरा क्रिकेट अकादमी भी चला रहे हैं, जहां दिव्यांग युवाओं को क्रिकेट की ट्रेनिंग दी जा रही है।
आमिर हुसैन लोन सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। फेसबुक पर उनके 82 हजार से ज्यादा और इंस्टाग्राम पर करीब 1.10 लाख फॉलोअर्स हैं। लुधियाना में उनकी मौजूदगी ने पैरा क्रिकेटरों में नया जोश और आत्मविश्वास भर दिया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0