कनाडा की राजधानी में आमने-सामने हुई टक्कर के बाद वाहन में लगी आग; टांडा निवासी 26 वर्षीय ब्रह्मजोत सिंह की मौके पर मौत
कनाडा की राजधानी में आमने-सामने हुई टक्कर के बाद वाहन में लगी आग; टांडा निवासी 26 वर्षीय ब्रह्मजोत सिंह की मौके पर मौत
खबर खास | होशियारपुर
पंजाब के होशियारपुर जिले के टांडा निवासी 26 वर्षीय पंजाबी युवक की कनाडा की राजधानी ओटावा में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। आमने-सामने की टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई और युवक उसके अंदर फंस गया। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान होशियारपुर के टांडा निवासी ब्रह्मजोत सिंह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार रात करीब 1 बजे ओटावा के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में फॉलोफील्ड रोड और ओल्ड रिचमंड रोड के चौराहे के पास हुआ।
ब्रह्मजोत सिंह होंडा सीआर-वी चला रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रही किआ सोरेंटो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन करीब 25 फीट दूर जा गिरे और इसके बाद उनमें आग लग गई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बचाव में हुई मुश्किल
ओटावा फायर सर्विस और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों वाहनों में लगी आग काफी तेज थी। इसके चलते शुरुआत में दमकलकर्मियों के लिए वाहनों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया। आग पर काबू पाने के बाद बचावकर्मियों ने होंडा की अगली सीट पर ब्रह्मजोत सिंह का जला हुआ शव बरामद किया।
ब्रह्मजोत वाहन में अकेले थे। पैरामेडिक्स ने उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया।
दूसरे वाहन का चालक गंभीर घायल
हादसे में किआ सोरेंटो का चालक भी वाहन के मलबे में फंस गया था। बचावकर्मियों ने उसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत को लेकर आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
दो साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में कनाडा गए थे
बताया जा रहा है कि ब्रह्मजोत सिंह करीब दो साल पहले बेहतर अवसरों की तलाश में कनाडा गए थे। उनकी अचानक हुई दर्दनाक मौत की खबर जैसे ही टांडा पहुंची, परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
रिश्तेदारों, दोस्तों और स्थानीय लोगों ने शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की और परिवार के साथ दुख साझा किया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों में से किसी चालक की लापरवाही इस जानलेवा टक्कर का कारण तो नहीं बनी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0