हत्या समेत कई संगीन मामलों में वांछित था आरोपी; छह महीने चले ‘ऑपरेशन नोमैड-हंट’ के बाद जकार्ता में पकड़ा गया
हत्या समेत कई संगीन मामलों में वांछित था आरोपी; छह महीने चले ‘ऑपरेशन नोमैड-हंट’ के बाद जकार्ता में पकड़ा गया
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया से भारत लाकर बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर गैंगस्टरों और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से यह कार्रवाई की।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि जोबन बिल्ला को 20 जुलाई 2026 को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उसे भारत लाया गया और मुंबई एयरपोर्ट पर पंजाब पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। अब आरोपी को आगे की जांच के लिए पंजाब लाया जा रहा है।
डीजीपी के अनुसार, यह कार्रवाई छह महीने तक चले गुप्त अंतरराष्ट्रीय अभियान ‘ऑपरेशन नोमैड-हंट’ का परिणाम है। इस अभियान के तहत आरोपी की लगातार निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय किया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए जोबन बिल्ला अलग-अलग देशों में ठिकाने बदलते हुए अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
जांच के मुताबिक, आरोपी 9 जनवरी 2025 को गोरखपुर निवासी व्यक्ति के फर्जी विवरण पर बने पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत से फरार हुआ था। इसके बाद वह यूएई, जॉर्जिया और इंडोनेशिया में छिपता रहा। पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था और उसके फर्जी पासपोर्ट व संभावित ठिकानों की जानकारी केंद्रीय एजेंसियों के साथ साझा की थी।
एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि जोबन बिल्ला पंजाब में दर्ज चार हत्या के मामलों में वांछित था। इनमें अमृतसर के सठियाला गांव में जरनैल सिंह की हत्या, दीपू अजनाला, 12 वर्षीय गुरसेवक सिंह और विक्की चुघ की हत्या के मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था।
‘ऑपरेशन नोमैड-हंट’ एडीजीपी प्रमोद बान की निगरानी और एसपी एजीटीएफ/ओएफटीईसी बिक्रमजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में चलाया गया। पंजाब पुलिस ने कहा कि विदेशों में छिपे अपराधियों को वापस लाने के लिए OFTEC के माध्यम से कार्रवाई और तेज की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0