कैबिनेट मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने 71 क्लीनिकों का किया उद्घाटन, बाकी 29 क्लीनिक 31 जुलाई तक चरणबद्ध तरीके से जनता को किए जाएंगे समर्पित
कैबिनेट मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने 71 क्लीनिकों का किया उद्घाटन, बाकी 29 क्लीनिक 31 जुलाई तक चरणबद्ध तरीके से जनता को किए जाएंगे समर्पित
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य के लोगों को उनके घर के नजदीक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में 100 नए आम आदमी क्लीनिकों की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही राज्य में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो जाएगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला ग्रामीण के विकास नगर में नवनिर्मित आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन कर इस विस्तार की शुरुआत की।
इन 100 नए क्लीनिकों में से 71 का उद्घाटन शनिवार को विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने राज्यभर में किया। शेष 29 आम आदमी क्लीनिकों को 31 जुलाई तक विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से जनता को समर्पित किया जाएगा।
नए क्लीनिकों के उद्घाटन के दौरान डॉ. बलजीत कौर ने मलोट और श्री मुक्तसर साहिब में तीन क्लीनिकों का उद्घाटन किया। लाल चंद कटारूचक्क ने पठानकोट शहर में 25 लाख रुपये की लागत से तैयार क्लीनिक जनता को समर्पित किया। गुरमीत सिंह खुड्डियां ने श्री मुक्तसर साहिब में, जबकि हरदीप सिंह मुंडियां ने साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र में 76.41 लाख रुपये की लागत से बने तीन क्लीनिकों का उद्घाटन किया। तरुनप्रीत सिंह सौंद ने खन्ना के नरोत्तम नगर, फोकल प्वाइंट और उत्तम नगर में 87 लाख रुपये की लागत से तैयार तीन नए क्लीनिकों की शुरुआत की। वहीं, मोहिंदर भगत ने जालंधर के सिद्धार्थ नगर, बुद्धा मल ग्राउंड और स्पोर्ट्स एंड सर्जिकल कॉम्प्लेक्स में तीन आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया।
वक्ताओं ने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर तक पहुंचाकर इलाज को आसान, सुविधाजनक और किफायती बनाया है। वर्तमान में राज्य में 990 आम आदमी क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जिनमें 414 शहरी और 576 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इन क्लीनिकों में 107 प्रकार की आवश्यक दवाइयां और 47 प्रकार की लैब जांच पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध हैं।
इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की प्रसव-पूर्व देखभाल, कुत्ते के काटने का उपचार, परिवार नियोजन सेवाएं, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और अन्य गैर-संचारी रोगों की जांच व उपचार भी मुफ्त किया जा रहा है। आधुनिक आईटी प्रणाली के जरिए मरीजों का पंजीकरण, जांच, उपचार और दवाइयों का वितरण किया जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0