एथलीट सिमरनजीत कौर खेलो इंडिया गेम्स के लिए चयनित होने वाली विश्वविद्यालय की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
एथलीट सिमरनजीत कौर खेलो इंडिया गेम्स के लिए चयनित होने वाली विश्वविद्यालय की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
खबर खास, बठिंडा :
पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय की होनहार एथलीट सिमरनजीत कौर ने विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते हुए इतिहास रच दिया है। वह खेलो इंडिया गेम्स के लिए चयनित होने वाली विश्वविद्यालय की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शॉट पुट स्पर्धा में 14.42 मीटर का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज़ के तत्वावधान में तथा राजीव गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज़ और अल्वा एजुकेशन फाउंडेशन, मंगलुरु (कर्नाटक) के संयुक्त आतिथ्य में 12 से 16 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे यह एक अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक आयोजन रहा।
सिमरनजीत कौर की यह सफलता उनके समर्पण, अनुशासन और ट्रैक एवं फील्ड एथलेटिक्स में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। वह सहायक प्राध्यापक एवं ट्रैक एवं फील्ड एथलेटिक्स विशेषज्ञ डॉ. सोमनप्रीत सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जिनकी तकनीकी मेंटरशिप ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस उपलब्धि पर पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राघवेंद्र प्रसाद तिवारी ने सिमरनजीत कौर को बधाई देते हुए उसके दृढ़ संकल्प और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और विश्वास व्यक्त किया कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी विश्वविद्यालय को गौरवान्वित करेंगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय शर्मा ने भी सिमरनजीत कौर और उनके मार्गदर्शक शिक्षक डॉ. सोमनप्रीत सिंह को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां परिसर में सुदृढ़ खेल संस्कृति को उजागर करती हैं। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से समग्र विकास के लिए प्रेरित किया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0