धक्षिणेश्वर सुरेश के दमदार प्रदर्शन से भारत ने विश्व नंबर 6 टीम को हराया, ऋषभ पंत ने दी बधाई
धक्षिणेश्वर सुरेश के दमदार प्रदर्शन से भारत ने विश्व नंबर 6 टीम को हराया, ऋषभ पंत ने दी बधाई
ख़बर ख़ास, खेल :
बेंगलुरु में खेले गए डेविस कप क्वालीफायर प्रथम दौर में भारतीय पुरुष टेनिस टीम ने विश्व नंबर 6 नीदरलैंड्स को हराकर शानदार उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने सितंबर में होने वाले क्वालीफायर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है, जहां टीम का लक्ष्य आठ टीमों के डेविस कप फाइनल्स में जगह बनाना होगा।
इस मुकाबले में धक्षिणेश्वर सुरेश भारत के सबसे बड़े नायक बनकर उभरे। उन्होंने एकल और युगल दोनों मुकाबलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए टीम को जीत की राह पर आगे बढ़ाया। शनिवार को सुरेश ने नीदरलैंड्स के शीर्ष रैंकिंग खिलाड़ी जेस्पर डी जोंग के खिलाफ जीत दर्ज कर भारत को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। इसके बाद रविवार को उन्होंने युकी भांबरी के साथ मिलकर डेविड पेल और सैंडर एरेंड्स की जोड़ी के खिलाफ कड़ा संघर्ष किया।
पहली बार साथ खेल रही भारतीय जोड़ी ने तीन घंटे तक चले रोमांचक मुकाबले में 7-6(0), 3-6, 7-6(1) से जीत दर्ज की। इस जीत से भारत को मुकाबले में बढ़त मिली और टीम का मनोबल मजबूत हुआ। हालांकि रिवर्स सिंगल्स में सुमित नागल को जेस्पर डी जोंग के खिलाफ 5-7, 6-1, 6-4 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे स्कोर बराबर हो गया। नागल दाहिनी जांघ में ग्रेड-2 की चोट के बावजूद कोर्ट पर उतरे, उनका यह साहस टीम के लिए अहम साबित हुआ।
निर्णायक मुकाबले में विश्व नंबर 457 सुरेश ने दबाव में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने गाई डेन ओउडेन के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत सुनिश्चित की। इस उपलब्धि के साथ सुरेश 2004 में लिएंडर पेस के बाद डेविस कप के एक ही टाई में तीन मैच जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।
भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने भी टीम को बधाई देते हुए इसे भारतीय टेनिस के लिए बड़ी जीत बताया। यह जीत पिछले 15 वर्षों में डेविस कप में भारत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0