सीएम सैनी ने कहा कि अब योजना की राशि हर महीने की बजाय हर तीन महीने में एक साथ महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी।
सीएम सैनी ने कहा कि अब योजना की राशि हर महीने की बजाय हर तीन महीने में एक साथ महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी।
खबर खास , चंडीगढ़ :
हरियाणा में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से शुरू की गई दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना की दूसरी किस्त सोमवार को जारी कर दी गई। सीएम सैनी ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि 7 लाख 1 हजार 965 महिलाओं के बैंक खातों में ₹2100 की राशि ट्रांसफर कर दी गई है।
सीएम सैनी ने कहा कि अब योजना की राशि हर महीने की बजाय हर तीन महीने में एक साथ महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी। इससे महिलाओं को बड़ी राशि एक साथ मिलेगी और वे इसे अपनी जरूरतों के अनुसार बेहतर तरीके से उपयोग कर सकेंगी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 109वें जन्मदिवस पर लाड़ो लक्ष्मी ऐप लॉन्च किया गया था। इस ऐप पर महिलाओं को घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा दी गई है। 30 नवंबर तक 9 लाख 552 महिलाओं ने आवेदन किया, जिसमें से जांच के बाद 7 लाख 1 हजार 965 महिलाएं पात्र पाई गईं। इनमें 5 लाख 58 हजार 346 महिलाओं की आधार आधारित KYC पूरी हो चुकी है, जबकि 1 लाख 43 हजार 619 महिलाओं का वेरिफिकेशन अभी पेंडिंग है।
कार्यक्रम के दौरान सीएम सैनी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। आवेदन करने के बाद 24 से 48 घंटे में ही सभी जरूरी वेरिफिकेशन पूरे कर दिए जाते हैं। पात्र महिलाओं को SMS द्वारा सूचना दी जाती है और फिर उन्हें ऐप पर जाकर लाइव फोटो अपलोड करनी होती है, जिससे पहचान की पुष्टि हो सके। आधार डाटाबेस के माध्यम से E-KYC पूरा होने पर सेवा विभाग लाभार्थी महिला की पेंशन आईडी जारी करता है, और इसी के आधार पर राशि सीधे खाते में भेजी जाती है।
दूसरी किस्त जारी करते हुए सीएम सैनी ने सभी महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं को तेजी और पारदर्शिता के साथ लागू कर रही है। नई व्यवस्था के तहत महिलाओं को हर तीन महीने में एक साथ किस्त मिलने से उन्हें राशि का बेहतर उपयोग करने में सुविधा होगी।
लाड़ो लक्ष्मी योजना का उद्देश्य हरियाणा की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सरकार का कहना है कि आने वाले समय में इस योजना का दायरा और बढ़ाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ ले सकें।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0