दुनिया की सबसे बड़ी रीसाइक्लिंग कंपनी के मालिक थे दोराहा निवासी दर्शन सिंह
दुनिया की सबसे बड़ी रीसाइक्लिंग कंपनी के मालिक थे दोराहा निवासी दर्शन सिंह
खबर खास, न्यूज डैस्क :
कनाडा के अबॉट्सफोर्ड में पंजाब के कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक कारोबारी की पहचान पंजाब के लुधियाना जिले के दोराहा निवासी दर्शन सिंह सहसी (68) के तौर पर हुई है। दर्शन सहसी कैनम इंटरनेशनल कंपनी के अध्यक्ष थे, जो दुनिया की सबसे बड़ी कपड़ों की रीसाइकलिंग कंपनियों में शुमार है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे रिजव्यू और समिट ड्राइव के कोने पर गाड़ी में बैठे सहसी को अज्ञात हमलावारों ने गोली मार दी। मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। कनाडा पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, दर्शन सिंह और उनका पूरा परिवार कनाडा में ही सैटल है। सहसी स्थानीय पंजाबी समुदाय के बीच आर्थिक मदद और समाजसेवा के लिए भी लोकप्रिय थे। दर्शन सिंह के बेटे अर्पन के मुताबिक उनके पिता की किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं था। उसने कहा कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि ऐसा किसने और क्यों किया। अर्पन के मुताबिक न कोई धमकी, न ब्लैकमेल, न वसूली की मांग थी। अर्पन ने आगे बताया कि पापा पंजाब में किसान थे, फिर क्रूज शिप पर काम किया। इसके बाद कनाडा आकर बिजनेस शुरू किया। वे हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार रहते थे।
अबॉट्सफोर्ड पुलिस ने हत्या के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला टार्गेटेड हिंसा का लगता है, लेकिन वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
गौर रहे कि दर्शन सिंह सहसी का कैनम ग्रुप दुनिया की एक प्रमुख टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग कंपनी है, जो 40 से अधिक देशों में फैली हुई है। कंपनी ने 1990 के दशक से कपड़ा उद्योग में अपना विशेष स्थान बनाया है। अब तक उसने 2 अरब पाउंड से ज्यादा कपड़ों के कचरे को रिसाइकल कर दिया है और हजारों लोगों को रोजगार और परिवार जैसे माहौल में मेंटरशिप दी है। 1800 से अधिक कर्मचारी इस कंपनी से जुड़े हुए हैं। यह कंपनी हर दिन लगभग 5 लाख पाउंड कपड़े का पुनः उपयोग और रिसाइकिल करती है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0