हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग अगर ऐसे ही झूठ का सहारा लेकर चलते रहे तो 2029 में इनका कोई नाम लेने वाला नहीं बचेगा। कांग्रेस पार्टी पूर्ण रूप से समाप्त हो जाएगी।
सैनी ने पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद रैली को किया संबोधित
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग अगर ऐसे ही झूठ का सहारा लेकर चलते रहे तो 2029 में इनका कोई नाम लेने वाला नहीं बचेगा। कांग्रेस पार्टी पूर्ण रूप से समाप्त हो जाएगी।
सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता कहने लगे थे कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो संविधान खतरे में आ जाएगा। जबकि सच्चाई यह है कि संविधान को कोई खतरा नहीं है। अगर खतरा किसी को है तो कांग्रेस पार्टी को खतरा है।
सैनी ने कहा कि आज की यह रैली पूंडरी हलके के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हर क्षेत्र व हर कस्बे की अपनी एक अलग खान-पान की संस्कृति है। जैसे पूंडरी की फिरनी प्रसिद्ध है, वैसे ही गोहाना की जलेबी भी देश-प्रदेश में प्रसिद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोगों को हरियाणा की संस्कृति और खान - पान का ही नहीं पता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता चुनावों के दौरान भाजपा सरकार के कामों का हिसाब मांग रहे थे, लेकिन हरियाणा की जनता ने कांग्रेस पार्टी का ही हिसाब कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने नॉन स्टॉप हरियाणा के विकास के लिए तीसरी बार लगातार ऐतिहासिक जीत देकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का काम किया है। हमारी डबल इंजन की सरकार निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन को साकार करेगी। विकसित भारत के साथ-साथ हरियाणा भी विकसित बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गत दिवस ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में संविधान पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के चेहरे को बेनकाब किया। कांग्रेस ने अपने 55 वर्षों के शासनकाल में गरीबों का शोषण किया। डॉ भीमराव अंबेडकर को अपमानित करने का काम कांग्रेस की पीढ़ियों ने किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, जो संविधान की किताब को लेकर घूमते हैं, उसे यह नहीं पता कि पवित्र संविधान के अंदर क्या लिखा हुआ है। पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस देश को संविधान के अनुरूप चलाया है।
पिछले 10 सालों में पूंडरी में किए कई विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले दो कार्यकालों में पूंडरी क्षेत्र में शिक्षा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाएं आदि को बढ़ाने के लिए निरंतर काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ढांढ को खंड का दर्जा दिया है। इस क्षेत्र से गुजर रहा अम्बाला कोटपुतली ग्रीनफील्ड कॉरिडोर- एन.एच. 152-डी 10,646 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया। कैथल से करनाल फोरलेन सड़क का निर्माण 175 करोड़ की लागत से किया गया। पूंडरी में बरसाती पानी की निकासी और सीवरेज लाइन बिछाने पर 12 करोड़ 86 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में हर क्षेत्र का समान रूप से विकास किया है।
Comments 0