“ऊपर भेजना गलती होगी, फिनिशर के रूप में ही सबसे खतरनाक हैं माही”
“ऊपर भेजना गलती होगी, फिनिशर के रूप में ही सबसे खतरनाक हैं माही”
ख़बर ख़ास, खेल :
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के आगाज़ से पहले फाफ डु प्लेसिस ने एमएस धोनी की बल्लेबाजी भूमिका को लेकर अहम राय दी है। उन्होंने साफ कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स को धोनी की पोजिशन में बदलाव करने की जल्दबाज़ी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि उनकी असली ताकत मैच के आखिरी ओवरों में ही नजर आती है।
डु प्लेसिस के मुताबिक, धोनी उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जो 19वें और 20वें ओवर में दबाव को अपने नियंत्रण में बदल देते हैं। उनका मानना है कि इन आखिरी 12 गेंदों में धोनी की सोच, अनुभव और शांत दिमाग उन्हें सबसे अलग बनाता है। ऐसे में अगर उन्हें पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा जाता है और वह जल्दी आउट हो जाते हैं, तो टीम अपने सबसे बड़े मैच फिनिशर को खो देगी।
पिछले सीजन में धोनी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन डु प्लेसिस इसे पोजिशन बदलने का कारण नहीं मानते। उनका कहना है कि टीम के पास डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे जैसे दमदार खिलाड़ी हैं, जो मिडिल ओवर्स में स्पिन के खिलाफ तेजी से रन बना सकते हैं।
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, डु प्लेसिस ने धोनी की मैदान पर मौजूदगी को भी टीम के लिए सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि धोनी की रणनीति, फील्ड सेटिंग और गेम रीडिंग विपक्षी बल्लेबाजों के दिमाग में भ्रम पैदा कर देती है। इसके अलावा, विकेट के पीछे उनकी फुर्ती आज भी बेजोड़ है।
चेन्नई सुपर किंग्स 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बरसापारा स्टेडियम में अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जहां एक बार फिर सभी की निगाहें ‘कैप्टन कूल’ पर टिकी होंगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0