महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम तैयार, दिल्ली में ‘पिंक स्टैंड’ से मिला खास सम्मान
महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम तैयार, दिल्ली में ‘पिंक स्टैंड’ से मिला खास सम्मान
ख़बर ख़ास, खेल :
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हर्मनप्रीत कौर ने कहा है कि घरेलू सरजमीं पर वर्ल्ड कप जीतने से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और अब वे दुनिया के किसी भी मैदान पर जीत दर्ज करने में सक्षम हैं। उनका यह बयान आगामी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप से पहले आया है, जो 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड में खेला जाएगा।
हर्मनप्रीत ने कहा कि पिछले साल भारत में खेले गए महिला वनडे वर्ल्ड कप में जीत ने टीम को मानसिक रूप से मजबूत बनाया है। उन्होंने बताया कि घरेलू परिस्थितियों में दबाव झेलने का अनुभव खिलाड़ियों को विदेशी दौरों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार करता है। वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज भी होगी।
हालांकि भारत ने अभी तक महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीता है, लेकिन इस बार टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। हर्मनप्रीत ने टीम के बदले हुए रवैये और लगातार मेहनत को इस सफलता का मुख्य कारण बताया।
इस बीच, दिल्ली के द्वारका स्थित ओमैक्स स्टेट स्टेडियम में हर्मनप्रीत के नाम पर 1500 से अधिक क्षमता वाला “पिंक स्टैंड” समर्पित किया गया है, जो केवल महिला दर्शकों और उनके परिवारों के लिए होगा। इस सम्मान पर भावुक होते हुए हर्मनप्रीत ने कहा कि यह पल उनके लिए बेहद खास और यादगार है, जो लड़कियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने महिला प्रीमियर लीग (WPL) की भी जमकर सराहना की और कहा कि जिस तरह आईपीएल ने पुरुष क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, उसी तरह WPL ने महिला क्रिकेट के स्तर को बेहतर बनाया है और टीम की सफलता में बड़ी भूमिका निभाई है।
अंत में हर्मनप्रीत ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पहचान पाने के लिए खिताब जीतना जरूरी होता है और इस जीत के बाद भारतीय महिला क्रिकेट को वह सम्मान मिलना शुरू हुआ है, जिसकी वह हकदार थी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0