बोले 5,356 कर्मचारियों को मिल रही ओपीएस, केंद्र ने इसके बदले 1600 करोड़ का रोका कर्ज
बोले 5,356 कर्मचारियों को मिल रही ओपीएस, केंद्र ने इसके बदले 1600 करोड़ का रोका कर्ज
खबर खास, धर्मशाला :
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को विधानसभा में अपने लंदन दौरे से जुड़े सवाल पर इसे निजी यात्रा बताते हुए सारा खर्च खुद उठाने की बात कही। उन्होंने ओल्ड पेंशन स्कीम पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से पूछे सवाल के जवाब में कहा कि पहली कैबिनेट ने 1.36 लाख कर्मचारियों को ओपीएस देने का निर्णय लिया। इसके बदले में केंद्र ने हिमाचल को मिलने वाला 1600 करोड़ रुपए का अतिरिक्त ऋण बंद कर दिया।
सीएम ने बताया- वर्तमान में 5356 कर्मचारियों को ओपीएस के तहत पेंशन दी जा रही है। जैसे-जैसे कर्मचारी सेवानिवृत्त होते जाएंगे, सरकारी खजाने पर इस योजना का बोझ बढ़ता जाएगा। तीन साल में कुल 21 हजार कर्मचारियों ने रिटायर होने पर एनपीएस की जगह ओपीएस को चुना है। उन्होंने कहा कि यह योजना राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।
वहीं, सदन में सुलह से भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने बीते माह सीएम सुक्खू के लंदन दौरे से जुड़ा सवाल पूछा था। इसके जवाब में सीएम ने कहा यह उनकी निजी यात्रा थी और इसका सारा खर्च उन्होंने व्यक्तिगत रूप से ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से किया। उन्होंने कहा- चाय, टिकट, ठहरने का भुगतान सब ऑनलाइन दिया है। हालांकि, विधानसभा सदस्यों को निजी दौरे के लिए भी सुविधाएं मिलती हैं, पर उन्होंने नहीं लीं। सारा विदेश दौरा उनके निजी खर्च पर हुआ।
बीते रोज एबीवीपी छात्रों पर लाठीचार्ज का मामला भी जयराम ने उठाया और कहा कि एबीवीपी को मार्च की स्वीकृति मिली थी। उन्होंने इसे सदन में पढ़कर भी सुनाया। इसका जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि एबीवीपी को स्वीकृति टैक्सी स्टैंड से जोरावर स्टेडियम तक मार्च की मिली थी, विधानसभा का रास्ता रोकने की अनुमति नहीं मिली थी।
इससे पहले भाजपा विधायकों ने सदन के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
विधानसभा विंटर में आज नगर निगम द्वितीय संशोधन विधेयक 2025 को पारित करने का प्रस्ताव सदन में रखा गया। इसके तहत, नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल बढ़ाकर पांच साल हो जाएगा। विपक्ष की गैर मौजूदगी में इस विधेयक को सदन में ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। नगरपालिका द्वितीय संशोधन विधेयक 2025 को भी पास हो गया।
विधानसभा में आज प्राइवेट मेंबर डे था। मगर विपक्ष के विधायक जोरावर स्टेडियम में भाजपा की रैली में चले गए। इसके बाद स्पीकर ने विधानसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित की।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0