सेब की ग्रेडिंग-पैकिंग का काम करते थे तीनों मृतक
सेब की ग्रेडिंग-पैकिंग का काम करते थे तीनों मृतक
खबर खास, मंडी :
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज में रविवार देर रात एक ऑल्टो कार हादसाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को जंजैहली अस्पताल प्राथमिक उपचार देने के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार देर रात हुआ। मगर पुलिस को इसकी सूचना आज सुबह उस वक्त मिली, जब यहां से गुजर रहे किसी स्थानीय व्यक्ति ने सड़क का डंगा धंसा हुआ देखा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जंजैहली अस्पताल लाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खाई से तीनों मृतकों के शवों का निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए जंजैहली अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
इस हादसे में मारे लोगों की पहचान गगन छतराड़ी के देवदत्त (37), छतीराड़ी निवासी यशपाल (38) और तराला मंडी निवासी मंगलचंद (39) के तौर पर हुई है। जबकि घायलों में गगन छतराड़ी निवासी लुदेर सिंह (34) और कल्यांजू छतराड़ी निवासी ड्राइवर गुमान सिंह (32) शामिल है।
इस हादसे के बाद मंडी के छतराड़ी क्षेत्र में शोक की लहर है। तीनों मृतक सेब सीजन में ग्रेडिंग-पैकिंग करके और खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। बीती रात को भी तीनों करसोग क्षेत्र से सेब भरने के बाद गाड़ी में घर लौट रहे थे। मरने वाले तीनों विवाहित हैं।
हादसे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि यह हादसा सड़क धंसने से हुआ है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जंजैहली पुलिस स्टेशन को छतरी रोड पर मगरूगला के पास कार दुर्घटना की सूचना मिली।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0