फरीदपुरा नौगजा में 25 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र, वित्त मंत्री ने युवाओं से गुरु जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
फरीदपुरा नौगजा में 25 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र, वित्त मंत्री ने युवाओं से गुरु जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
खबर खास | चंडीगढ़/एसएएस नगर
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज की पवित्र बाणी समानता, मानव गरिमा, सामाजिक न्याय और सार्वभौमिक भाईचारे का ऐसा शाश्वत संदेश देती है, जिसकी प्रासंगिकता आज के दौर में भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने करीब 650 वर्ष पहले ही जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति की समानता और सम्मान का संदेश दिया था।
चीमा मंगलवार को एमिटी यूनिवर्सिटी, मोहाली में ‘श्री गुरु रविदास जी महाराज की बाणी एवं सामाजिक समानता’ विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म या सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो और हर इंसान को समान अवसर व सम्मान मिले।
वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार डेरा बल्लां के फरीदपुरा नौगजा में 25 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र स्थापित कर रही है। केंद्र के लिए भूमि खरीद पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। यह केंद्र गुरु जी की बाणी के शोध, अध्ययन और प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
चीमा ने कहा कि स्वतंत्रता, समानता, गैर-भेदभाव और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे सिद्धांतों को आधुनिक दुनिया में संस्थागत पहचान मिलने से सदियों पहले ही गुरु रविदास जी की शिक्षाओं में स्थान मिल चुका था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित करने वाले प्रयास गुरु जी के समानता और मानव गरिमा के संदेश के विपरीत हैं।
उन्होंने ‘बेगमपुरा’ की अवधारणा को भेदभाव, शोषण और असमानता से मुक्त आदर्श समाज का प्रतीक बताते हुए युवाओं और विद्यार्थियों से गुरु जी की बाणी का गहन अध्ययन करने का आह्वान किया।
सेमिनार में जीएनडीयू के प्रो. मनजिंदर सिंह, खुरालगढ़ के संत केवल सिंह जी सहित कई विद्वानों ने विचार रखे। इस दौरान एमिटी यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. पुनीत शर्मा, रजिस्ट्रार डॉ. दलीप कुमार, एसडीएम मोहाली दमनदीप कौर, उच्च शिक्षा विभाग के उप निदेशक डॉ. मनीष शर्मा, फैकल्टी सदस्य और विद्यार्थी भी मौजूद रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0