20 साल के गुकेश और 19 वर्षीय सिंदारोव के बीच जेनेवा में मुकाबला; 14 क्लासिकल गेम तक चलेगा मैच, 7.5 अंक वाला बनेगा चैंपियन
20 साल के गुकेश और 19 वर्षीय सिंदारोव के बीच जेनेवा में मुकाबला; 14 क्लासिकल गेम तक चलेगा मैच, 7.5 अंक वाला बनेगा चैंपियन
खबर खास | खेल
शतरंज की दुनिया में इस साल इतिहास बनने जा रहा है। डिफेंडिंग वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव के बीच 2026 FIDE वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। दोनों खिलाड़ियों की उम्र को देखते हुए यह वर्ल्ड चैंपियनशिप के इतिहास का सबसे युवा फाइनल होगा। गुकेश मई में 20 साल के हुए हैं, जबकि सिंदारोव 19 साल के हैं।
इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) ने 2026 वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। गुकेश और सिंदारोव के बीच खिताबी मुकाबला 22 नवंबर से 12 दिसंबर तक स्विट्जरलैंड के जेनेवा में खेला जाएगा। चैंपियनशिप का आयोजन जेनेवा के कोलोग्नी स्थित फाउंडेशन मार्टिन बोडमर में होगा। 22 नवंबर को मीडिया डे और ओपनिंग सेरेमनी होगी, जबकि पहला क्लासिकल गेम 24 नवंबर को खेला जाएगा।
गुकेश पहली बार करेंगे खिताब का बचाव, सिंदारोव के पास इतिहास रचने का मौका
गुकेश ने दिसंबर 2024 में चीन के डिंग लिरेन को हराकर वर्ल्ड चैंपियन का खिताब जीता था। उस समय वह सिर्फ 18 साल के थे और सबसे कम उम्र में वर्ल्ड चैंपियन बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। अब जेनेवा में वह पहली बार अपने विश्व खिताब का बचाव करेंगे।
दूसरी ओर, जावोखिर सिंदारोव ने 2026 FIDE कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चुनौती पेश की है। इससे पहले वह 2025 FIDE वर्ल्ड कप भी जीत चुके हैं। वह वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करने वाले उज्बेकिस्तान के पहले खिलाड़ी हैं।
फाइनल में अधिकतम 14 क्लासिकल गेम खेले जाएंगे। जो खिलाड़ी सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करेगा, वह मैच के साथ वर्ल्ड चैंपियन का खिताब भी जीत जाएगा। जीत के लिए एक अंक और ड्रॉ के लिए आधा अंक मिलेगा। आखिरी निर्धारित क्लासिकल गेम 11 दिसंबर को होगा।
खेल के समय नियंत्रण के मुताबिक पहली 40 चालों के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को 120 मिनट मिलेंगे। इसके बाद 30 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे। 41वीं चाल से हर चाल पर 30 सेकंड का इंक्रीमेंट मिलेगा। ब्लैक की 40वीं चाल पूरी होने से पहले ड्रॉ का प्रस्ताव नहीं दिया जा सकेगा।
अगर 14 गेम के बाद स्कोर 7-7 रहा, तो 12 दिसंबर को टाईब्रेक से विजेता तय होगा। इसकी शुरुआत 15 मिनट के चार गेम से होगी। जरूरत पड़ने पर 10 मिनट और फिर तीन मिनट के छोटे गेम खेले जाएंगे।
चैंपियनशिप का कुल प्राइज फंड 25 लाख डॉलर रखा गया है। हर जीत पर खिलाड़ी को 2 लाख डॉलर मिलेंगे, जबकि बची राशि दोनों खिलाड़ियों में बराबर बांटी जाएगी। यदि मुकाबला 7.5-6.5 या 8-6 के स्कोर से खत्म होता है, तो विजेता को 13 लाख डॉलर और उपविजेता को 12 लाख डॉलर मिलेंगे। टाईब्रेक से फैसला होने पर भी यही पुरस्कार राशि रहेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0