‘हैवान’ में नजर आएगा असरानी का आखिरी फिल्मी अंदाज, अक्षय कुमार बोले- आपके जैसा कोई नहीं हो सकता
‘हैवान’ में नजर आएगा असरानी का आखिरी फिल्मी अंदाज, अक्षय कुमार बोले- आपके जैसा कोई नहीं हो सकता
ख़बर ख़ास | फिल्म
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता असरानी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपनी शानदार अदाकारी और जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग के जरिए वह एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। उनकी आखिरी फिल्म ‘हैवान’ रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता अक्षय कुमार ने असरानी से जुड़ा एक मजेदार वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस क्लिप के साथ अक्षय ने दिवंगत अभिनेता को याद करते हुए एक बेहद भावुक नोट भी लिखा।
अक्षय कुमार ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘हैवान’ का एक सीन साझा किया। वीडियो में असरानी अभिनेता शारिब हाशमी के साथ मजेदार अंदाज में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही सेकंड की यह क्लिप असरानी की खास कॉमिक टाइमिंग और उनकी बेहतरीन संवाद अदायगी की झलक दिखाती है।
सीन में शारिब हाशमी, असरानी के किरदार से उनका नाम पूछते हैं। असरानी जवाब देते हुए कहते हैं, ‘हुसैन।’ इसके बाद शारिब उनसे मजाकिया अंदाज में पूछते हैं कि नाम के आगे-पीछे कुछ नहीं है क्या? इस पर असरानी अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब देते हैं, ‘पीछे हवलदार है और आगे आप हैं।’ असरानी का यह पंच सुनते ही पूरा सीन और भी मजेदार हो जाता है।
इस क्लिप की सबसे खास बात सिर्फ इसका हास्य नहीं, बल्कि इससे जुड़ी भावनाएं भी हैं। वीडियो शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने बताया कि उन्हें असरानी जैसे महान कलाकार के साथ काम करने और उनकी आखिरी फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला। अक्षय ने इसे अपनी खुशकिस्मती बताया।
अक्षय ने लिखा, ‘मेरी खुशकिस्मती है कि मुझे इस लीजेंड के साथ काम करने और ‘हैवान’ में उनका आखिरी शॉट देखने का मौका मिला। मिस यू असरानी जी… आप जैसा कोई नहीं हो सकता।’
अक्षय का यह भावुक संदेश सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। असरानी की आखिरी फिल्म का यह सीन उनके चाहने वालों के लिए एक यादगार झलक बन गया है। उनकी कॉमेडी, संवाद बोलने का अंदाज और स्क्रीन पर मौजूदगी लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में बनी रहेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0