‘बॉर्डर 2’ की रिलीज से पहले अहान का इमोशनल पोस्ट, स्टारकास्ट को बताया सेट पर मिला परिवार जैसा साथ
‘बॉर्डर 2’ की रिलीज से पहले अहान का इमोशनल पोस्ट, स्टारकास्ट को बताया सेट पर मिला परिवार जैसा साथ
ख़बर ख़ास, फिल्म :
अभिनेता अहान शेट्टी अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर पूरी तरह तैयार हैं। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले अहान ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ समेत पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया। अहान ने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें सभी से परिवार जैसा प्यार और सपोर्ट मिला।
सोशल मीडिया पर अहान ने ‘बॉर्डर 2’ की मुख्य स्टारकास्ट की तस्वीरें शेयर करते हुए हर एक को खास अंदाज में धन्यवाद कहा। अहान ने सनी देओल को “फादर फिगर” बताते हुए लिखा,
“सनी सर— सेट पर मेरे लिए एक सच्चे पिता समान रहे। आपने मुझे दिखाया कि शांत ताकत, विनम्रता और अटूट समर्पण असल में क्या होता है। आपके आसपास रहना बेहद सुकून देने वाला है, क्योंकि आप इतनी बड़ी विरासत के बावजूद बेहद इंसानियत से जुड़े हुए हैं।”
इसके बाद अहान ने वरुण धवन के लिए लिखा,
“वरुण— मैं तुम्हें बड़े भाई की तरह देखता हूं और इस सफर में मुझे जो प्यार और सपोर्ट मिला, उसके लिए हमेशा आभारी रहूंगा। तुम हर दिन सेट पर फोकस्ड, ईमानदार और मेहनती होकर आते थे और जितना मांगा जाता था, उससे ज्यादा देने की कोशिश करते थे। तुम्हारी ये दरियादिली मेरे साथ हमेशा रहेगी।”
दिलजीत दोसांझ के लिए अहान ने लिखा,
“दिलजीत सर— जिस तरह आपने मुझे छोटे भाई की तरह अपनाया और हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया, वह मैं शब्दों में नहीं बता सकता। आपकी गर्मजोशी सिखाई नहीं जा सकती। आप दयालु, हंसमुख और ऐसे इंसान हैं जिनकी मौजूदगी से पूरे सेट का माहौल हल्का और खुशमिजाज हो जाता है। आपके साथ रहकर समझ आया कि मेहनत के साथ खुशी भी उतनी ही जरूरी है।”
अहान ने अभिनेत्री मोनाल सिंह के लिए भी तारीफ करते हुए लिखा,
“मोना मैम— आप सिर्फ शानदार अभिनेत्री नहीं, बल्कि एक बेहद सच्ची, विनम्र और जमीन से जुड़ी इंसान भी हैं। आपके साथ काम करना और स्क्रीन शेयर करना मेरे लिए सम्मान की बात रही।”
इसके अलावा अहान ने सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा के लिए भी प्यारा मैसेज लिखा। अहान ने सोनम की सादगी और ग्रेस की तारीफ की, वहीं अन्या को शांत लेकिन बेहतरीन अभिनय क्षमता वाली बताया। मेधा के बारे में अहान ने लिखा कि उनकी सच्चाई और फ्रेशनेस यह याद दिलाती है कि नए सफर भी उतने ही प्रेरणादायक होते हैं जितने अनुभवी लोगों के साथ काम करना।
अपनी पोस्ट के कैप्शन में अहान ने लिखा,
“कुछ सफर काम खत्म होने के बाद भी दिल में रह जाते हैं, सिर्फ इसलिए क्योंकि रास्ते में मिलने वाले लोग उसे खास बना देते हैं। कैमरों और लाइट्स के पीछे जो सम्मान, अपनापन और कला के लिए प्यार था, वही इस अनुभव को यादगार बनाता है। मैं इन यादों, सीख और लोगों के लिए बेहद शुक्रगुजार हूं। फिल्म रिलीज होने में बस एक दिन बाकी है। मैं आभारी भी हूं, उत्साहित भी और थोड़ा नर्वस भी। आप सभी के देखने का इंतजार नहीं कर सकता।”
इससे पहले अहान ने अपनी पहली फिल्म ‘तड़प’ (2021) के बाद के “टेस्टिंग टाइम” यानी कठिन दौर के बारे में भी पोस्ट किया था। उन्होंने बताया था कि अनिश्चितता, संघर्ष और समय ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया। अब वह अपनी दूसरी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के जरिए एक नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं।
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में अहान शेट्टी के साथ सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अन्य कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को रिलीज होने जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0