ई-मेल के जरिए मिली धमकी के बाद स्कूल कराए गए खाली, बच्चों की छुट्टी; पुलिस और साइबर टीम ने शुरू की जांच
ई-मेल के जरिए मिली धमकी के बाद स्कूल कराए गए खाली, बच्चों की छुट्टी; पुलिस और साइबर टीम ने शुरू की जांच
पंजाब के जलालाबाद में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 4 से 5 स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूलों को खाली करवा दिया और बच्चों की छुट्टी कर दी। अभिभावकों को भी स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों को ले जाने के लिए कहा गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जलालाबाद के संबंधित स्कूलों को बंद करवा दिया है और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक कॉन्वेंट स्कूल के फादर ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 11:30 बजे एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
सिटी थाना प्रभारी (SHO) मोहित धवन ने बताया कि जलालाबाद के 4 से 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही सभी संबंधित स्कूलों को खाली करवाया गया और पुलिस टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
पुलिस अब साइबर क्राइम टीम की मदद से धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ई-मेल किस जगह से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है।
फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और स्कूल परिसरों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0