16 कैडेट एनडीए में शामिल, IMA, INA, AFA और OTA में भी मिली जगह; संस्थान ने रचा नया कीर्तिमान
16 कैडेट एनडीए में शामिल, IMA, INA, AFA और OTA में भी मिली जगह; संस्थान ने रचा नया कीर्तिमान
खबर खास | मोहाली
महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एमआरएसएएफपीआई), एसएएस नगर (मोहाली) ने पिछले तीन महीनों में भारतीय सशस्त्र बलों की विभिन्न स्नातक एवं प्री-कमीशन प्रशिक्षण अकादमियों में 25 कैडेट्स का चयन कर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
इन नए चयनों के साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के कार्यकाल में संस्थान से भारतीय सशस्त्र बलों में चयनित कैडेट्स की कुल संख्या बढ़कर 175 हो गई है।
चयनित कैडेट्स को देश की प्रतिष्ठित रक्षा प्रशिक्षण अकादमियों—नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA), इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA), इंडियन नेवल एकेडमी (INA), एयर फोर्स एकेडमी (AFA) और ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) में प्रवेश मिला है।
हालिया चयन में 16 कैडेट्स ने खड़कवासला स्थित NDA-156 कोर्स में स्नातक प्रशिक्षण के लिए प्रवेश लिया है। इसके अलावा एक कैडेट इंडियन नेवल एकेडमी, एझिमाला में शामिल हुआ है। वहीं तीन कैडेट्स का चयन TES-55 कोर्स के तहत मिलिट्री कॉलेज ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग (MCEME), सिकंदराबाद और मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (MCTE), महू में हुआ है।
स्नातक स्तर की प्रविष्टियों में एक कैडेट ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA), चेन्नई, एक कैडेट इंडियन नेवल एकेडमी (INA), एझिमाला में NOC (Ext) Course के लिए तथा एक कैडेट एयर फोर्स एकेडमी (AFA), डुंडीगल में शामिल हुआ है। इसके अलावा दो कैडेट्स ने इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA), देहरादून में प्रशिक्षण शुरू किया है।
पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने सभी चयनित कैडेट्स को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने उन्हें प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं देते हुए देश की सेवा सम्मान और उत्कृष्टता के साथ करने का आह्वान किया।
वहीं, एमआरएसएएफपीआई के निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान, VSM (सेवानिवृत्त) ने भी सफल कैडेट्स को बधाई दी। उन्होंने बताया कि संस्थान के 25 अन्य कैडेट्स वर्तमान में सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) के इंटरव्यू और मेडिकल परीक्षा की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमआरएसएएफपीआई भारतीय सशस्त्र बलों के लिए एक प्रमुख फीडर संस्थान के रूप में उभरकर सामने आया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0