कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की पारी, सिराज के 3 विकेट से टीम इंडिया की शानदार जीत
कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की पारी, सिराज के 3 विकेट से टीम इंडिया की शानदार जीत
ख़बर ख़ास, खेल :
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने अमेरिका को 29 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए। मुकाबले में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद भारतीय टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए। जवाब में 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए। उनकी इस पारी में शानदार चौके और छक्के शामिल रहे। यह बतौर कप्तान उनका टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आठवां अर्धशतक रहा। इसी के साथ सूर्या ने कप्तान के रूप में टी-20 इंटरनेशनल में 1000 रन भी पूरे कर लिए। जब टीम शुरुआती झटकों से जूझ रही थी, तब सूर्यकुमार ने एक छोर संभालकर पारी को मजबूती दी और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
अमेरिका की ओर से शुभम रंजने और संजय कृष्णमूर्ति ने 37-37 रन की पारियां खेलीं, जबकि मिलिंद कुमार ने 34 रन बनाए। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने भी 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में सकारात्मक शुरुआत की है और टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन ने साफ संकेत दे दिया है कि टीम इंडिया खिताब बचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0