पूर्व वेस्टइंडीज तेज गेंदबाज ने कहा— अनुभव, गहराई और मजबूत गेंदबाजी भारत को बनाती है प्रबल दावेदार
पूर्व वेस्टइंडीज तेज गेंदबाज ने कहा— अनुभव, गहराई और मजबूत गेंदबाजी भारत को बनाती है प्रबल दावेदार
ख़बर ख़ास, खेल :
पूर्व वेस्टइंडीज के दिग्गज तेज गेंदबाज और क्रिकेट विश्लेषक इयान बिशप ने आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप भारत एवं श्रीलंका 2026 में घरेलू परिस्थितियों के बीच खिताब बचाने की भारत की कोशिश पर पूरा भरोसा जताया है। बिशप का मानना है कि घरेलू दर्शकों की उम्मीदों का दबाव भारतीय टीम के प्रदर्शन को प्रभावित नहीं करेगा, क्योंकि टीम अनुभव, संतुलित संयोजन और बड़े मैच खेलने की आदत के साथ उतर रही है।
भारत इस टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन और नंबर-1 रैंकिंग वाली टी20 टीम के रूप में उतर रहा है। हाल ही में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 4-1 से शानदार जीत दर्ज की थी। साल 2024 में पिछला टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से भारत का जीत प्रतिशत 84.6% रहा है, जो शीर्ष दस टीमों में सबसे बेहतर है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने और घरेलू सरजमीं पर फाइनल जीतने वाली पहली पुरुष टीम बनने का लक्ष्य लेकर उतरेगा।
दबाव के सवाल पर इयान बिशप ने भारत के पिछले अनुभवों का जिक्र किया। उन्होंने 2011 में घरेलू मैदान पर जीता गया वनडे वर्ल्ड कप और 2023 का वनडे वर्ल्ड कप फाइनल याद दिलाया। बिशप के अनुसार, मौजूदा दौर में टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों से दबाव कम करने में अहम भूमिका निभाता है और भारत इस मामले में मजबूत टीमों में शामिल है। उन्होंने कहा कि आईपीएल और बड़े फाइनल खेलने का अनुभव खिलाड़ियों को अपेक्षाओं से निपटने में मदद करता है।
बिशप ने अभिषेक शर्मा, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ियों को भारत के लिए अहम बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस वर्ल्ड कप में बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी की गहराई निर्णायक साबित हो सकती है। उनके मुताबिक, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया जैसी पावर-हिटिंग टीमों के खिलाफ भारत की गेंदबाजी ही सबसे बड़ा अंतर पैदा कर सकती है।
टीम चयन पर बात करते हुए बिशप ने कहा कि ईशान किशन की शानदार फॉर्म ने टीम मैनेजमेंट के सामने “अच्छी परेशानी” खड़ी कर दी है और वह संजू सैमसन को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि टी20 क्रिकेट में फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। हर्षित राणा की घुटने की चोट पर बिशप ने भारतीय मेडिकल टीम पर भरोसा जताया और कहा कि द्विपक्षीय सीरीज के आधार पर खिलाड़ियों को आंकना सही नहीं, क्योंकि असली लक्ष्य आईसीसी टूर्नामेंट में चरम प्रदर्शन करना होता है।
भारत अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान की शुरुआत शनिवार को अमेरिका के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला शाम 7 बजे से जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव प्रसारित किया जाएगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0