दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया, मंधाना–वोल की रिकॉर्ड साझेदारी से टूटा फाइनल का सबसे बड़ा चेज
दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराया, मंधाना–वोल की रिकॉर्ड साझेदारी से टूटा फाइनल का सबसे बड़ा चेज
ख़बर ख़ास, खेल :
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इससे पहले RCB ने 2024 में पहली बार WPL का खिताब जीता था। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की टीम लगातार चौथे फाइनल में हार का सामना करने के बाद एक बार फिर खिताब से चूक गई।
वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 203 रन बनाए और बेंगलुरु के सामने 204 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा। फाइनल मुकाबले में इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं माना जा रहा था, लेकिन RCB की बल्लेबाजों ने दबाव में शानदार खेल दिखाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान स्मृति मंधाना ने एक बार फिर बड़े मैच की खिलाड़ी होने का सबूत दिया। उन्होंने 87 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें आक्रामकता और संयम का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला। मंधाना का पूरा साथ दिया जॉर्जिया वोल ने, जिन्होंने 79 रनों की अहम पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच 92 गेंदों में 165 रनों की जबरदस्त साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह RCB की ओर मोड़ दिया। यह साझेदारी WPL फाइनल की सबसे यादगार साझेदारियों में शामिल हो गई है।
मैच आखिरी ओवर तक पहुंचा, जहां RCB को जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी। राधा यादव और नदीन डी क्लर्क ने पहले दो गेंदों पर सिंगल लेकर दबाव को कम किया। तीसरी गेंद पर राधा यादव ने शानदार चौका जड़ दिया। चौथी गेंद पर उन्होंने कवर की दिशा में शॉट खेला, जिसमें बैट स्टंप से टकरा गया, लेकिन गिल्लियां नहीं गिरीं और गेंद बाउंड्री के बाहर चली गई। इसी के साथ RCB ने दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने न सिर्फ दूसरी बार WPL ट्रॉफी जीती, बल्कि फाइनल में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक और फाइनल निराशा भरा रहा, जहां शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम खिताब जीतने में नाकाम रही।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0