प्रदेश में जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्रियों ने की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत
प्रदेश में जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्रियों ने की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत
खबर खास, चंडीगढ़ :
प्रदेश सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आज जन विश्वास-जन विकास के नाम के समारोह का आयोजन किया गया। इन जिला जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। इस दौरान लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत ड्रा के माध्यम से निकले प्लाटों का आबंटन किया
राज्य सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष रहा बेमिसाल - अनिल विज
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अम्बाला में कहा कि प्रदेश सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल बेमिसाल रहा है और इस अवधि में कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। इन योजनाओं से लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। प्रदेश सरकार के अथक प्रयास से विभिन्न योजनाओं के पैसे सीधे लाभपात्रों के खातों में पूरे पहुंच रहे हैं।
दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाएं होंगी आर्थिक रूप से सशक्त - पंवार
हरियाणा के विकास एंव पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत में कहा कि प्रदेश सरकार की दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 मासिक वित्तीय सहायता देने की योजना का शुभांरभ किया गया है। जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी। इसी तरह से महिलाओं की सुविधा के लिए ‘हर घर-हर गृहणी योजना’ में बीपीएल परिवारों को 500 में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।
जनकल्याण, पारदर्शिता और तीव्र विकास की दिशा में प्रदेश सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला वर्ष - राव नरबीर
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में कहा कि हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला वर्ष प्रदेश के इतिहास में जनकल्याण, पारदर्शिता और तीव्र विकास की दिशा में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है। पिछले एक वर्ष में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास, सुशासन और सेवा के सिद्धांतों को धरातल पर उतारते हुए हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। हरियाणा प्रदेश आने वाले वर्षों में “विकसित भारत” निर्माण की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
प्रदेश सरकार की गरीब व किसान का कल्याण करने की है प्राथमिकता- ढांडा
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने सोनीपत में कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में हरियाणा तीन गुणा रफ्तार से तरक्की की ओर अग्रसर है। हम सभी का संकल्प है कि 2047 तक विकसित हरियाणा बनाने का लक्ष्य को साकार करना है। हम सभी प्रदेशवासियों को देश की तरक्की में अपना योगदान निभाना है। संकल्प पत्र के 217 संकल्प में से एक वर्ष तक मौजूदा सरकार ने 46 संकल्प पूरे कर लिए हैं। प्रदेश सरकार की गरीब व किसान का कल्याण करने की प्राथमिकता है।
प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण व अंत्योदय की दिशा में कर रही है निरंतर कार्य - डॉ. अरविंद शर्मा
हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रोहतक में कहा कि प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं अंत्योदय की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है। किसानों की धान की फसल का दाना-दाना सरकार द्वारा खरीदा जा रहा है और फसल का भुगतान सीधा किसानों के खातों में निर्धारित समय में किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में विकास कार्यो की लिखी गई नई गाथा -श्याम सिंह
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने यमुनानगर में कहा कि प्रदेश सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में विकास कार्यो की नई गाथा लिखी गई है। युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में काफी बदलाव आया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 के तहत जरूरतमंद पात्र लोगों को 100-100 गज प्लाट के अलॉटमेंट लेटर प्रदान किए गए।
प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए संकल्पित है राज्य सरकार - गंगवा
हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने हिसार में कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए संकल्पित है। यह सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरा होने पर कर दिखाया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में म्हारा हरियाणा-नॉन-स्टॉप हरियाणा की दिशा में सरकार ने अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जिनसे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
सबका साथ-सबका विकास की सोच के साथ हर वायदे को पूरा कर रही सरकार -कृष्ण कुमार
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने सिरसा में कहा कि प्रदेश सरकार संकल्प पत्र में शामिल हर वायदे को सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र के साथ पूरा कर रही है। एक साल में संकल्प पत्र में शामिल 46 संकल्प को सरकार पूरा कर चुकी है। जनहित में जो वायदे किए गए हैं उन्हें भी पूरा किया जाएगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0