फ्रेंचाइज़ी आधारित लीग से वैश्विक पहचान, दर्शकों से जुड़ाव और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर बढ़ने की उम्मीद
फ्रेंचाइज़ी आधारित लीग से वैश्विक पहचान, दर्शकों से जुड़ाव और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर बढ़ने की उम्मीद
ख़बर ख़ास, खेल :
पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 पिस्टल शूटर और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित जितु राय ने आगामी शूटिंग लीग ऑफ इंडिया (SLI) को देश में शूटिंग का नया चेहरा बताया है। उनका मानना है कि यह लीग खेल की पहुंच को बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय निशानेबाज़ों के प्रतिस्पर्धात्मक स्तर को भी ऊंचा करेगी।
SLI की फ्रेंचाइज़ी यूपी प्रोमीथियंस के लॉन्च के मौके पर बात करते हुए जितु राय ने कहा कि यह लीग शूटिंग को एक ऐसा मजबूत मंच देगी, जिससे शीर्ष स्तर के प्रदर्शन सीधे तौर पर आम दर्शकों से जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि SLI शूटिंग को देश और दुनिया में अधिक लोकप्रिय, समझने में आसान और आकर्षक बनाएगी।
जितु राय ने कहा कि शूटिंग भारत के सबसे सफल ओलंपिक खेलों में शामिल होने के बावजूद अब भी देश में व्यापक स्तर पर पूरी तरह समझी नहीं जाती। उनके अनुसार, लीग प्रारूप इस कमी को दूर करेगा और खेल को अधिक पारदर्शी बनाएगा। दर्शक यह देख सकेंगे कि शूटिंग कैसे की जाती है, शॉट कैसे फायर होता है और इसके पीछे किस तरह की तकनीक व सुविधाएं काम करती हैं।
वैश्विक भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए राय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज़ों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा होगा। इससे भारतीय शूटरों को नियमित रूप से विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा, जिससे उनका कौशल और मानसिक मजबूती दोनों बढ़ेंगी।
पूर्व पिस्टल स्टार ने भरोसा जताया कि शूटिंग लीग ऑफ इंडिया भविष्य के चैंपियनों के लिए एक लॉन्चपैड साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि बेहतर मंच, अधिक प्रतिस्पर्धा और बढ़ी हुई पहचान से युवा प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी और भारत से विश्व स्तरीय निशानेबाज़ निकलकर सामने आएंगे।
जितु राय ने यूपी प्रोमीथियंस की हाई-परफॉर्मेंस शूटिंग रेंज और अन्य खेल सुविधाओं की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि शूटिंग रेंज अंतरराष्ट्रीय मानकों की है और बैडमिंटन व स्विमिंग जैसी सुविधाओं के साथ एक मजबूत खेल संरचना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि इस तरह का आधुनिक और पेशेवर माहौल भारतीय शूटिंग के विकास के लिए बेहद जरूरी है, खासकर तब जब देश SLI जैसी लीग-आधारित व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। राय ने निष्कर्ष में कहा कि शूटिंग लीग ऑफ इंडिया जैसी पहल से यह खेल और अधिक मजबूत, प्रतिस्पर्धी और लोकप्रिय बनेगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0