आगरा में खेले गए राष्ट्रीय टूर्नामेंट में 4 स्वर्ण समेत कुल 10 पदक जीतकर चंडीगढ़ ने बढ़ाया मान
आगरा में खेले गए राष्ट्रीय टूर्नामेंट में 4 स्वर्ण समेत कुल 10 पदक जीतकर चंडीगढ़ ने बढ़ाया मान
ख़बर ख़ास, खेल :
आगरा में 25 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित ऑल इंडिया मास्टर्स बैडमिंटन रैंकिंग टूर्नामेंट में चंडीगढ़ के मास्टर्स खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। देशभर से करीब 700 प्रविष्टियों वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में चंडीगढ़ के खिलाड़ियों ने 35+, 40+, 45+ और 50+ आयु वर्ग में कुल 10 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का बेहतरीन परिचय दिया। चंडीगढ़ टीम ने 4 स्वर्ण, 5 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किए।
टूर्नामेंट का उद्घाटन 25 जनवरी को भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने किया। प्रतियोगिता के दौरान चंडीगढ़ के अनुभवी खिलाड़ियों ने कई रोमांचक मुकाबले खेले और मजबूत विरोधियों को मात दी।
40+ आयु वर्ग में पंकज नैथानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने मिक्स्ड डबल्स में दिवा अरोड़ा के साथ मिलकर सीधी सेटों में जीत हासिल की, वहीं मेंस डबल्स 40+ में मनीष गुप्ता के साथ शीर्ष वरीय खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 50+ आयु वर्ग में दीपक सक्सेना ने मिक्स्ड डबल्स में स्वर्ण और मेंस डबल्स में रजत पदक जीतकर टीम की पदक तालिका को मजबूत किया। मेंस डबल्स 50+ का फाइनल बेहद रोमांचक रहा, जहां चार मैच प्वाइंट होने के बावजूद दीपक सक्सेना और रजनीश भाटिया को कड़े संघर्ष के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
35+ में साहिल कटारिया ने मेंस सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, माला गाबा ने 40+ वर्ग में महिला सिंगल्स और महिला डबल्स में दो रजत पदक हासिल किए। निखिल चारी ने 50+ मेंस सिंगल्स में रजत, लविता सिंगला ने 50+ महिला डबल्स में रजत और गीता महाजन ने 45+ महिला सिंगल्स में कांस्य पदक जीता।
चंडीगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से सुरिंदर महाजन ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके समर्पण की सराहना की। कर्नल राज परमार ने कहा कि खेल निदेशालय, चंडीगढ़ के सहयोग से ये खिलाड़ी आने वाले समय में युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे। वहीं, एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयेंद्र कुमार (आईएएस) ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए सफलता की कामना की।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0