'पीएचडी डिग्री तथा अन्य मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में आधे से अधिक बेटियों की संख्या हरियाणा ही नहीं बल्कि समूचे भारत के विकास का प्रमाण है। आज हमारी बेटियां पूरे दक्ष के साथ शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी अपना नाम रोशन कर रही हैं। '
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 6वें दीक्षांत समारोह का आयोजन
खबर खास, चंडीगढ़ :
'पीएचडी डिग्री तथा अन्य मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में आधे से अधिक बेटियों की संख्या हरियाणा ही नहीं बल्कि समूचे भारत के विकास का प्रमाण है। आज हमारी बेटियां पूरे दक्ष के साथ शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी अपना नाम रोशन कर रही हैं। ' यह बात भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार में आयोजित 6 वें दीक्षांत समारोह हिसार में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही।
इससे पहले महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने प्रदेशवासियों की ओर से मुर्मु का पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। विश्वविद्यालय में पहुंचने पर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने सर्वप्रथम पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राष्ट्रपति ने अपने सम्बोधन में कहा कि हरियाणा ही नहीं बल्कि हमारे देश के विकास और समाज में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। गुरु जम्भेश्वर जी एक महान संत और दार्शनिक थे। वे वैज्ञानिक सोच, बेहतरीन जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के समर्थक थे। उनका मानना था कि प्रकृति की रक्षा करना, सभी जीवों के प्रति करुणा और दया का भाव रखना तथा उन्हें संरक्षण प्रदान करना, मानव का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की 30 वर्षों की यात्रा में यहां के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने विभिन्न शोध और अनुसंधान परियोजनाओं में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। यहां पर इन्क्यूबेशन, स्टार्ट-अप, पेटेंट फाइलिंग अनुसंधान परियोजनाएं विशेष विभाग बनाये गए हैं। ये सभी प्रयास यहां के विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता की भावना को विकसित करते हुए भारत को वैश्विक ज्ञान महाशक्ति के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होंगे। देश के संतुलित और सतत विकास के लिए यह भी आवश्यक है कि शिक्षा और तकनीकी का लाभ गांव-गांव तक पहुंचे।
अध्यात्म मानव निर्मित सीमाओं से ऊपर उठकर पूरी मानवता को एक सूत्र में है जोड़ता है : राष्ट्रपति
इसके बाद मुर्मु ने हिसार में स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के उपलक्ष्य में ‘समग्र कल्याण के लिए आध्यात्मिक शिक्षा प्रोजेक्ट’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आध्यात्मिकता के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज के
सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने इस आयोजन करने के लिए सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
Comments 0