राफेल, Su-57, S-400, तेजस और AMCA से अगले 40–50 साल तक भारतीय वायु शक्ति रहेगी अजेय
राफेल, Su-57, S-400, तेजस और AMCA से अगले 40–50 साल तक भारतीय वायु शक्ति रहेगी अजेय
ख़बर ख़ास, राष्ट्रीय :
भारत आने वाले वर्षों में अपनी वायु शक्ति को अभूतपूर्व स्तर तक ले जाने की तैयारी में है। राफेल फाइटर जेट, पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर Su-57, अत्याधुनिक S-400 एयर डिफेंस सिस्टम, स्वदेशी तेजस और भविष्य का AMCA (एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट) भारत की एयर पावर की रीढ़ बनने वाले हैं। रक्षा क्षेत्र में यह रणनीतिक बदलाव भारत को न सिर्फ पाकिस्तान, बल्कि चीन के मुकाबले भी निर्णायक बढ़त दिला सकता है।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, भविष्य की योजना के तहत भारतीय वायुसेना के बेड़े में करीब 150 राफेल फाइटर जेट शामिल हो सकते हैं। राफेल पहले ही अपनी मारक क्षमता, लंबी रेंज और मल्टी-रोल ऑपरेशन के कारण खुद को साबित कर चुका है। इसके साथ ही 60 अत्याधुनिक Su-57 स्टील्थ फाइटर जेट भारत की फिफ्थ जेनरेशन एयर स्ट्राइक क्षमता को नई ऊंचाई देंगे, जिससे दुश्मन के रडार को चकमा देना और गहरे हमले करना संभव होगा।
एयर डिफेंस के मोर्चे पर भारत के पास 10 S-400 मिसाइल सिस्टम होने की योजना है। S-400 की तैनाती से भारत की वायु सीमा लगभग अभेद्य बन सकती है। यह सिस्टम दुश्मन के फाइटर जेट, ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को सैकड़ों किलोमीटर दूर से ही ढेर करने में सक्षम है। इससे पाकिस्तान की सीमित एयर क्षमता और चीन की आक्रामक रणनीति दोनों को करारा जवाब मिलेगा।
स्वदेशी ताकत की बात करें तो 210 तेजस फाइटर जेट भारतीय वायुसेना में आत्मनिर्भर भारत की मिसाल बनेंगे। तेजस न सिर्फ लागत में किफायती है, बल्कि आधुनिक हथियारों और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम से लैस है। वहीं, AMCA प्रोजेक्ट भारत को उन चुनिंदा देशों की कतार में खड़ा करेगा, जिनके पास खुद का स्टील्थ फिफ्थ जेनरेशन फाइटर होगा।
अगर यह पूरा फ्यूचर प्लान समय पर जमीन पर उतरता है, तो अगले चार से पांच दशकों तक भारत अपनी एयर पावर के दम पर एशिया में वर्चस्व कायम रख सकता है। साफ है कि यह शक्ति संतुलन पाकिस्तान के लिए तो सिरदर्द बनेगा ही, साथ ही चीन को भी अपनी रणनीति पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर देगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0