करनाल को मिला तीसरा सबसे स्वच्छ शहर का सम्मान और सोनीपत को मिला स्वच्छता का मिनिस्टीरियल स्टार अवॉर्ड दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने लिए अवॉर्ड्स
करनाल को मिला तीसरा सबसे स्वच्छ शहर का सम्मान और सोनीपत को मिला स्वच्छता का मिनिस्टीरियल स्टार अवॉर्ड दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने लिए अवॉर्ड्स
खबर खास, चंडीगढ़ :
स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 में हरियाणा राज्य के दो शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। राजधानी नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जहां करनाल को स्वच्छ शहर पुरस्कार प्रदान किया तो वहीं सोनीपत को स्वच्छता का मिनिस्टीरियल स्टार अवॉर्ड मिला है।
हरियाणा सरकार की ओर से राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए इस पुरस्कार को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल एवं करनाल की मेयर रेणु बाला गुप्ता और सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने ग्रहण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहे।
इस अवार्ड कार्यक्रम के बाद विपुल गोयल ने हरियाणा सरकार की स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की बात दोहराई और कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आने वाले वक़्त में इस दिशा में और भी अभूतपूर्व कार्य किए जाएंगे।
स्वच्छता सर्वेक्षण के 50 हज़ार से 3 लाख की जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में करनाल को तीसरे स्थान पर रखा गया है। यह उपलब्धि प्रदेश में स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता और सतत प्रयासों का प्रमाण है। कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि हरियाणा की स्वच्छता क्रांति का आरंभ है।
सोनीपत को मिला ‘मिनिस्ट्रियल स्टार अवॉर्ड’
वहीं दूसरी ओर, सोनीपत को स्वच्छता के लिए ‘मिनिस्ट्रियल स्टार अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा यह पुरस्कार प्रदान किया गया। यह अवॉर्ड सोनीपत नगर निगम की प्रतिबद्धता, प्रबंधन और नवाचार को दर्शाता है।
हरियाणा के अन्य शहरों की रैंकिंग में भी उल्लेखनीय सुधार
राज्य के अन्य शहरों की बात करें तो गुरुग्राम ने स्वच्छता रैंकिंग में उल्लेखनीय छलांग लगाई है। जहां पिछले साल यह देशभर में 140वें स्थान पर था, वहीं इस बार यह 41वें स्थान पर पहुंच गया है। हरियाणा राज्य में उसकी रैंकिंग अब 7वें स्थान पर है। यह विकास राज्य सरकार के प्रभावी क्रियान्वयन और जागरूकता अभियानों का परिणाम है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0