वन्यजीवों के प्रति बढ़ती जागरूकता, 2025 में 5 लाख से अधिक लोगों ने किया छत्तबीड़ जू का भ्रमण
वन्यजीवों के प्रति बढ़ती जागरूकता, 2025 में 5 लाख से अधिक लोगों ने किया छत्तबीड़ जू का भ्रमण
ख़बर ख़ास, पंजाब :
पंजाब सरकार के निरंतर और ठोस प्रयासों का सकारात्मक असर अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। आम लोगों और विशेषकर छात्र समुदाय में पंजाब की विविध वन्यजीव संपदा को जानने की बढ़ती जिज्ञासा के चलते छत्तबीड़ चिड़ियाघर (महेंद्र चौधरी प्राणी उद्यान) में बीते एक वर्ष के दौरान पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच 5 लाख से अधिक लोगों ने छत्तबीड़ जू का दौरा किया, जिनमें राज्य के सरकारी स्कूलों के 62 हजार से अधिक छात्र शामिल रहे।
वन एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच और विभागीय मंत्री लाल चंद कटारूचक के नेतृत्व में किए गए ठोस प्रयासों ने लोगों के बीच चिड़ियाघर के प्रति नई रुचि पैदा की है। इसका सीधा परिणाम यह रहा कि न केवल आम नागरिक बल्कि बड़ी संख्या में छात्र भी शैक्षणिक और जागरूकता के उद्देश्य से चिड़ियाघर का रुख कर रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार, निजी प्राथमिक स्कूलों के 18 हजार से अधिक और निजी हाई स्कूलों के 16 हजार से ज्यादा छात्रों ने भी वर्ष 2025 में छत्तबीड़ जू का भ्रमण किया। यह भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि पंजाब की युवा पीढ़ी न केवल वन्यजीवों के बारे में जानने को उत्सुक है, बल्कि उनके संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित कर रही है।
1977 में स्थापित छत्तबीड़ चिड़ियाघर में समय-समय पर कई गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिनमें रक्तदान शिविर, ‘रन फॉर वाइल्ड’ और जू एजुकेशन प्रोग्राम प्रमुख हैं। इनका उद्देश्य युवाओं को पंजाब की विभिन्न वनस्पतियों और जीव-जंतुओं के प्रति जागरूक करना है।
चिड़ियाघर में देश की सबसे बड़ी और सबसे लंबी वॉक-इन एवियरी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा, अत्याधुनिक डायनासोर पार्क भी लोगों में खासा उत्साह पैदा कर रहा है। करीब 1200 मीटर लंबे वाइल्डलाइफ सफारी क्षेत्र में सुरक्षा दीवार को मजबूत किया गया है और 260 केवी क्षमता का सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है।
इसके साथ ही, मांसाहारी जानवरों के लिए लायन सफारी में एक क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण किया गया है तथा स्कूलों से आने वाले बच्चों और अन्य आगंतुकों की सुविधा के लिए एक ओपन एयर जू एजुकेशन प्लाजा भी विकसित किया गया है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0