वर्चुअल रियलिटी के संग जुड़ा हरियाणा-जापान: वीआर में दिखा हरियाणा का संस्कृति, विरासत और विकास का जीवंत रूप
वर्चुअल रियलिटी के संग जुड़ा हरियाणा-जापान: वीआर में दिखा हरियाणा का संस्कृति, विरासत और विकास का जीवंत रूप
खबर खास, चंडीगढ़ :
भारत के हरियाणा राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और तकनीकी प्रगति का अद्भुत संगम इस समय जापान के ओसाका शहर में चल रहे वर्ल्ड एक्सपो-2025 में देखने को मिल रहा है। यहां स्थापित भारत मंडपम में हरियाणा पवेलियन न केवल भारतीय प्रवासियों के लिए गर्व का विषय बना हुआ है, बल्कि जापान और दुनिया के अन्य देशों से आए आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र भी बना हुआ है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में वैश्विक औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जापान के दौरे पर गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को वर्ल्ड एक्सपो-2025 में हरियाणा पवेलियन का भ्रमण किया।
सर्वप्रथम, मुख्यमंत्री ने हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन किया। पैवेलियन में पहुंचने पर कलाकारों ने हरियाणा वेशभूषा और परंपरागत वाद्य यंत्रों से मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पैवेलियन में हरियाणा की ग्रामीण संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, औद्योगिक प्रगति और आधुनिक विकास यात्रा को वी.आर. (वर्चुअल रियलिटी) टेक्नोलॉजी के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। जापान के लोग इस तकनीक की मदद से हरियाणा के ऐतिहासिक स्थलों और पुरातात्विक स्थलों का वर्चुअल अनुभव लेकर हरियाणा की भूमि के वैभव और विविधता से रूबरू हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विजिटर बुक में लिखा कि भारत मंडपम में भारत की प्रगति और संभावनाओं को इतनी खूबसूरती से प्रदर्शित होते देख गर्व महसूस हो रहा है। यहां की प्रदर्शनी वास्तव में विकसित भारत की भावना और हमारे सतत व नवाचार पूर्ण भविष्य की यात्रा को दर्शाती है। हरियाणा इस राष्ट्रीय दृष्टिकोण में अपना पूरा योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विदेशी आगंतुक हरियाणा की पारंपरिक पोशाकें पहनकर कर रहे फोटो सेशन
हरियाणा पैवेलियन में प्रदर्शित वेशभूषा, हस्तशिल्प, लोक नृत्य, मिट्टी की कलाकृतियां और पारंपरिक संगीत ने जापानी दर्शकों को खासा प्रभावित कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने हरियाणा की पारंपरिक पोशाकें पहनकर फोटो सेशन किए और ‘घूमर’ व ‘फाग’ जैसे लोकनृत्यों पर झूमते हुए हरियाणवी संस्कृति के रंगों का आनंद लिया।
हरियाणा पैवेलियन में आने वाले आगंतुकों को राज्य की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का अनुभव हो रहा है। जापानी आगंतुकों ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति में जिस प्रकार की गर्मजोशी और अपनापन झलकता है, वह भारत की आत्मा को दर्शाता है।
वर्ल्ड एक्सपो-2025 में हरियाणा पैवेलियन भारतीय संस्कृति, तकनीकी प्रगति और आत्मनिर्भरता के संदेश का सशक्त प्रतीक बन गया है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वसुधैव कुटुंबकम्”और मुख्यमंत्री सैनी के “विकसित हरियाणा” विज़न को साकार रूप में प्रदर्शित कर रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0