'ऑपरेशन सिंदूर' की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में आज रेवाड़ी में 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने किया। सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित यह यात्रा स्थानीय महाराणा प्रताप चौक से शुरू होकर शहीद स्मारक नजदीक लघु सचिवालय पर संपन्न हुई।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के उपलक्ष्य में रेवाड़ी में आयोजित 'तिरंगा यात्रा' का किया नेतृत्व
खबर खास, चंडीगढ़ :
'ऑपरेशन सिंदूर' की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में आज रेवाड़ी में 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने किया। सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित यह यात्रा स्थानीय महाराणा प्रताप चौक से शुरू होकर शहीद स्मारक नजदीक लघु सचिवालय पर संपन्न हुई।
यात्रा में आमजन, पूर्व सैनिक, युवा वर्ग और मातृशक्ति की प्रमुख भागीदारी रही। यात्रा में रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली से विधायक श्री अनिल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली सहित पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल भी शामिल हुए।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने यात्रा में सहभागी बने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा 'ऑपरेशन सिंदूर' भारत सरकार की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह ऑपरेशन भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, रणनीतिक कुशलता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में दोहराया है कि अब किसी भी प्रकार के आतंकवादी कृत्य को राष्ट्र के विरुद्ध युद्ध की तरह माना जाएगा और उसी गंभीरता से उसका उत्तर भी दिया जाएगा।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर न केवल भारत की सैन्य ताकत का परिचायक है बल्कि यह विश्व समुदाय को यह संदेश भी देता है कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी सीमा तक जा सकता है। पूरी दुनिया ने भारतीय सेना का पराक्रम देखा और उसका सम्मान किया है।
उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा उन सभी वीरों को भी समर्पित है जिन्होंने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से देश की एकता, अखंडता और सैनिकों के सम्मान में सदैव अग्रसर रहने की अपील की। तिरंगा यात्रा का शहीद स्मारक पर राष्ट्रगान के साथ गरिमामयी ढंग से समापन हुआ।
Comments 0