हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले 10 वर्षों में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों का कार्यकाल समान विकास, समरसता, सहिष्णुता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है, जिनसे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है।
भविष्य में हरियाणा देश के समक्ष विकास, उन्नति और उत्कृष्टता का बनेगा उदाहरण –सैनी
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले 10 वर्षों में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों का कार्यकाल समान विकास, समरसता, सहिष्णुता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है, जिनसे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में हरियाणा देश के समक्ष विकास, उन्नति और उत्कृष्टता का उदाहरण बनेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से सांस्कृतिक परम्पराओं और उच्च नैतिक मूल्यों पर चलते हुए देश व प्रदेश को अधिक स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध, सशक्त व विकसित बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रविवार को जिला रेवाड़ी में आयोजित समारोह में ध्वज फहराया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने वीर शहीदी स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने हरियाणा पुलिस, महिला पुलिस टुकड़ी, होमगार्ड तथा स्काउट्स इत्यादि की टुकड़ियों की परेड का भी निरीक्षण किया और सलामी ली।
सैनी ने कहा कि 76वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री के रूप में ध्वजारोहण का यह उनका पहला अवसर है और उनके लिए यह परम सौभाग्य है कि यह अवसर उन्हें वीरभूमि अहीरवाल के रेवाड़ी में मिला है। उन्होंने कहा कि यह गणतंत्र दिवस हमें याद दिलाता है कि हमारा भारत राष्ट्र अपने अंदर अनेक धर्मों, जातियों, भाषाओं, वेशभूषाओं, खानपान और संस्कृति को समेटे हुए है। यह विविधता में एकता का उदाहरण है। इसी सांस्कृतिक विरासत का एक उत्सव इन दिनों प्रयागराज में महाकुम्भ के रूप में पूरी दुनिया को देखने को मिल रहा है।
शहीदों, सैनिकों व अग्निवीरों का हरियाणा सरकार ने किया सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में हरियाणावासियों ने अग्रणी भूमिका निभाई थी। सन् 1857 की क्रांति तो अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी। नई पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए अम्बाला छावनी में 538 करोड़ रुपये की लागत से स्वतंत्रता संग्राम स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में है। हरियाणा सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों व उनकी विधवाओं की पेंशन बढ़ाकर 40 हजार रुपये मासिक की है। युद्ध में शहीद सैनिकों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि दोगुणी करके 1 करोड़ रुपये की गई है। सरकार ने वीरगति को प्राप्त होने वाले हरियाणा के शहीदों के परिवारों के 416 आश्रितों को सरकारी नौकरियां दी हैं। इसके अलावा, अग्निवीरों को हरियाणा सरकार की सीधी भर्तियों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का भी निर्णय लिया है। सरकार द्वारा आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेलों की यातनाएं सहन करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को भी पेंशन दी जा रही है। हाल ही में, यह पेंशन बढ़ाकर 20 हजार रुपये की है।
*पारदर्शी और संवेदनशील शासन व्यवस्था बनाने के लिए ई-गवर्नेस का मॉडल किया तैयार*
सुशासन को जनसेवा का आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद को खत्म कर पिछले 10 सालों में एक पारदर्शी और संवेदनशील शासन व्यवस्था को बनाया है। भ्रष्टाचार पर कड़ी चोट करते हुए सभी सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ घर बैठे ही लोगों तक पहुंचाने के लिए ई-गवर्नेस का एक नया मॉडल तैयार किया है। सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को परिवार पहचान-पत्र से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सबसे गरीब के उत्थान के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। पिछड़ा वर्ग की क्रीमिलेयर आय सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दिया है। पिछड़ा वर्ग बी को पंचायती राज संस्थाओं व शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया है। राज्य में अनुसूचित जातियों के आरक्षण को दो वर्गों में बांटकर अब तक समाज की मुख्यधारा में आने से वंचित रह गई अनुसूचित जातियों को उनका अधिकार दिया है। गरीब परिवारों के लिए हैप्पी योजना के माध्यम से रोडवेज की बसों में सालाना 1,000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है।
4,533 पात्र लाभार्थियों को दिए गए प्लॉट
सैनी ने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश के गांवों में 100-100 गज और महाग्रामों में 50-50 गज के प्लाट देने की शुरुआत की गई है। अब तक 61 ग्राम पंचायतों और एक महाग्राम में 4,533 प्लाट दिए गए हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 47 हजार 573 मकान बनाये गये हैं। लगभग 14 हजार मकान बनाये जा रहे हैं। साथ ही, राज्य सरकार ने गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना भी शुरू की है। इसके तहत 14 शहरों में 15,256 गरीब परिवारों को 30-30 गज के प्लाट दिए हैं। उन्होंने कहा कि पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में 31 मार्च, 2025 तक 1 लाख घरों की छतों पर मुफ्त में सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना में अब तक 12 हजार 285 सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं।
अन्नदाता के हितों का रख रहे विशेष ख्याल
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हित सरकार की नीतियों के केन्द्र में है। आज हरियाणा किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करता है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये भी डाले जा चुके हैं। खरीफ सीजन में बारिश देर से होने के कारण किसानों पर पड़े आर्थिक बोझ को कम करने के लिए 2 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से बोनस दिया है।
2 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य
सैनी ने कहा कि युवाओं ने अपनी उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। 21वीं सदी की आधुनिक शिक्षा देने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की है। पारंपरिक काम करने वाले नौजवानों की मदद के लिए पी.एम. विश्वकर्मा योजना लागू की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बिना पर्ची खर्ची के 1 लाख 71 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। तीसरे कार्यकाल में 2 लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर पक्की सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा हुआ है।
राष्ट्रपति ने प्रदेश के 11 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने प्रदेश और देश का नाम दुनियाभर में चमकाया है। ऐसे 11 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा हाल ही में सम्मानित किया गया है। इनमें से एक खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड, 10 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड तथा 1 कोच को द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि खेलों के लिए अति आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहे हैं ताकि खिलाड़ियों को वैश्विक मानकों के अनुसार खेल प्रशिक्षण की सुविधा मिले। सरकार की हर गांव में जिम खोलने योजना के तहत 19 जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 करोड़ रुपये की लागत से 250 इंडोर जिम खोले गए हैं।
Comments 0