दो से आठ नवंबर तक होंगे आयोजित
दो से आठ नवंबर तक होंगे आयोजित
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा में खेलों की सबसे बड़ी प्रतियोगिता एक बार फिर लौटने जा रही है। करीब 13 साल बाद राज्य में 27वें हरियाणा स्टेट गेम्स का आयोजन होने जा रहा है। हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (एचओए) ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में एसोसिएशन ने इन खेलों का आधिकारिक लोगो और मैस्कॉट जारी कर दिया है, जो हरियाणा की परंपरा, ऊर्जा और खेल भावना का संगम पेश करता है।
इस बार के स्टेट गेम्स का लोगो बेहद प्रतीकात्मक और अर्थपूर्ण है। इसे ओलंपिक एसोसिएशन ने विशेष रूप से डिजाइन कराया है। लोगो में ‘शंख’ को केंद्र में रखा गया है। शंख न केवल कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान है, बल्कि यह ऊर्जा, शुभता और नई शुरुआत का प्रतीक भी है।
‘महाबली’- हरियाणा की ताकत और गति का प्रतीक
एचओए ने खेलों का मैस्कॉट ‘महाबली’ भी जारी किया है, जिसे चीते के रूप में डिज़ाइन किया गया है। चीता ताकत, गति और आत्मविश्वास का प्रतीक है, जो हरियाणा के खिलाड़ियों की पहचान भी है। ‘महाबली’ को हरियाणा के खेल योद्धा का रूप माना गया है, जो मैदान में हमेशा आगे बढ़ता है, कभी हार नहीं मानता।
2 से 8 नवंबर तक होंगे स्टेट गेम्स
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने बताया कि 27वें हरियाणा स्टेट गेम्स 2 नवंबर से 8 नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राज्य भर से हजारों खिलाड़ी भाग लेंगे। खेलों में एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, बॉक्सिंग, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, शूटिंग, तैराकी, तीरंदाजी सहित करीब दो दर्जन से अधिक खेल विधाएं शामिल होंगी। एसोसिएशन ने आयोजन स्थलों की तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली हैं और कहा कि इन खेलों को राज्य के इतिहास का सबसे भव्य आयोजन बनाया जाएगा।
स्टेट गेम्स को लेकर खिलाड़ियों और कोचों में जबरदस्त उत्साह
हरियाणा को लंबे समय से भारत की खेल राजधानी कहा जाता है। स्टेट गेम्स को लेकर खिलाड़ियों और कोचों में जबरदस्त उत्साह है। इन खेलों के माध्यम से राज्य के कोने-कोने से नए टैलेंट को पहचान मिलेगी। एचओए ने बताया कि खेलों के दौरान खिलाड़ी सम्मान समारोह, खेल जागरूकता अभियान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी, ताकि आयोजन को जन-उत्सव का रूप दिया जा सके।
वहीं, एचओए के अध्यक्ष जसविंद्र सिंह मीनू बेनीवाल ने कहा कि, 'हमने इस लोगो में हरियाणा की आत्मा बसाई है। शंख की ध्वनि सिर्फ खेलों के आरंभ की नहीं, बल्कि एक नई ऊर्जा, नई प्रतिबद्धता और नए जोश की शुरुआत की घोषणा है। कुरुक्षेत्र हमारी पौराणिक धरोहर है, वहीं से हमने प्रेरणा ली है। महाबली हमारे खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करता है। हरियाणा का खिलाड़ी मेहनती, तेज और निर्भीक होता है। चीता उसकी स्पीड और ऊर्जा का प्रतीक है। महाबली इस भावना को सामने लाता है कि हरियाणा का खिलाड़ी हर मुकाबले में सबसे आगे रहेगा।'
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0