लुधियाना और गुजरात की जीत से सेमीफाइनल क्लियर
पूरे भारत की जनता आम आदमी पार्टी के साथ है और वो भारत में बदलाव चाहती है : अरविंद केजरीवाल
मजीठिया जैसे ड्रग माफियाओं की अब नहीं चलेगी चाल, जेल ही बनेगा ठिकाना: भगवंत मान
जिन्होंने पंजाब को लूटा, उन्हें जवाब देना होगा, कांग्रेस और अकाली दल की सियासत का जनाज़ा निकल चुका है
खबर खास, लुधियाना :
उपचुनाव में बड़ी जीत के बाद आम आदमी पार्टी 'आप' ने लुधियाना में "धन्यवाद सभा" का आयोजन किया और लोगों का आभार प्रकट किया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को संबोधित किया। उनके साथ पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, आप के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष अमनशैर सिंह (शैरी कलसी) सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लुधियाना पश्चिम और गुजरात उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुजरात जो भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ है, वहाँ आप उम्मीदवार ने 17,000 से अधिक वोटों से जीत हासिल की, जो कि बेहद ही अहम है।
केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में आम आदमी पार्टी की जीत से बीजेपी इतनी बौखला गई कि उन्होंने तुरंत हमारी पार्टी के एक विधायक को गिरफ़्तार कर लिया। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी और कहा कि भाजपा वाले हमे जितना डर लें हम डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी जितना ज़ुल्म करेगी, जनता उतनी ही मज़बूती से आम आदमी पार्टी के साथ खड़ी होगी।
केजरीवाल ने कहा कि लुधियाना और गुजरात उपचुनाव 2027 के चुनावों का सेमीफाइनल हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह से इन दोनों उपचुनावों में पार्टी को समर्थन मिला है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि 2027 में पंजाब और गुजरात में आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में पंजाब में आम आदमी पार्टी ने ज़बरदस्त काम किया है और लुधियाना की जीत इस पर जनता की मुहर है।
केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके पास अब कोई जनहित का मुद्दा ही नहीं बचा। उन्होंने कहा कि हम लुधियाना उपचुनाव में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और नशा मुक्ति की बात कर रहे थे, ये लोग सिर्फ़ एक ही बात करते थे कि केजरीवाल को राज्यसभा जाने से रोकना है।
उन्होंने कहा "विपक्ष ने सिर्फ जनता को गुमराह करने के लिए मेरे राज्यसभा जाने की अफवाह फैलाई थी। मैंने नतीजे आने के तुरंत बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर साफ़ कर दिया था कि मैं राज्यसभा नहीं जाऊंगा।"
केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाया।। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली और अब पंजाब में भी ये मिलकर आम आदमी पार्टी का विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने पिछली कांग्रेस,अकाली-भाजपा सरकारों पर पंजाब में नशा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन सरकारों ने राज्य के युवाओं को नशे के जाल में फंसाकर बर्बाद किया, जबकि 'आप' सरकार ने नशे के खिलाफ युद्ध छेड़ रखा है। उन्होंने कहा कि हम नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल में डाल रहे हैं।
केजरीवाल ने कि जब 2017 में सर्वे हुआ था तब पंजाब शिक्षा के मामले में देश में 29वें स्थान पर था, लेकिन अब आम आदमी पार्टी की मेहनत से वह पहले स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों, बच्चों, प्रिंसिपलों और अफसरों की मेहनत से ही संभव हुआ है।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन सालों में 8,000 से अधिक स्कूलों की बाउंड्री वॉल बनाई गई हैं, टॉयलेट्स बनाए गए, स्कूलों की सफाई करवाई गई, सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए और अब बच्चे जमीन पर दरी पर नहीं बल्कि डेस्क पर बैठते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब कह रही है कि ऐसा काम उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।
केजरीवाल ने बताया कि जब स्कूलों में दीवारों या टॉयलेट्स का उद्घाटन किया गया, तो कांग्रेस और बीजेपी ने मज़ाक उड़ाया, लेकिन अब जनता उनसे सवाल पूछ रही है कि 75 साल में तुमने क्या किया?
उन्होंने आगे कहा कि अब मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द बेअदबी के खिलाफ़ सख़्त कानून लाने जा रहे हैं। लेकिन इस पर भी विपक्षी पार्टियों को दिक्कत होने लगी है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया और पूछा कि क्या वे इस कानून का समर्थन करेंगे या बीजेपी से पूछकर जवाब देंगे? क्योंकि कांग्रेस वाले जो भी काम करते हैं भाजपा से इजाज़त लेकर करते हैं।
केजरीवाल ने मान सरकार द्वारा किसानों के लिए किये कामों की भी सराहना की। उन्हीने कहा कि जब हमारी सरकार बनी थी तो केवल 20% खेतों में सिंचाई का पानी पहुँचता था, आज यह आँकड़ा 60% है। हमारा लक्ष्य है कि 2026-27 तक 90% खेतों में पानी पहुँचे।
उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी सरकार ने तीन साल में इतने काम किये जो 70 साल में कांग्रेस और अकाली-भाजपा की सरकारें भी नही कर सकी। इन लोगों ने पंजाब को सिर्फ़ लूटा और अपने घर भरे।
लोगों की भारी भीड़ को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आप सरकार पंजाब के लोगों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले ले रही है। आप सरकार लोगों की भलाई के लिए दिन रात काम रही है। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में 'आप' ने देशभर में नई राजनीति की शुरुआत की है।
विरोधी पार्टियों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल आज अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। इन पार्टियों की हालत यह हो गयी है कि उन्हें 11 या 21 सदस्यीय कमेटी बनाने के लिए भी लोग नहीं मिल रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अकाली- भाजपा ने लोगों के साथ अन्याय किया, उन्हें धर्म के नाम पर लड़ाया और राज्य के स्रोतों को लूटा। इसलिए अब जनता उन्हें सबक सिखा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य पंजाब को "कैलिफोर्निया या लंदन" बनाना नहीं, बल्कि एक सशक्त और आत्मनिर्भर पंजाब बनाना है क्योंकि पंजाब की सांस्कृतिक पहचान और लोगों की भागीदारी ही इसे विशेष बनाती है।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में हमारी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किये हैं। हाल ही में हुए एक राष्ट्रीय स्तर का सर्वेक्षण का हवाला देते हुए मान ने बताया कि इस सर्वेक्षण में अलग-अलग कक्षाओं व विभिन्न विषयों के 28000 छात्रों में हिस्सा लिया था। जिसमे पंजाब की ओवरआल रैंकिंग 'एक' आयी है। मान ने कहा कि वर्ष 2017 में पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में 29वें स्थान पर था, लेकिन आज पंजाब सभी श्रेणियों में प्रथम स्थान पर है, जिसका श्रेय राज्य के मेहनती शिक्षकों को जाता है।
मुख्यमंत्री ने अकाली नेता बिक्रम मजीठिया पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने जलियांवाला बाग के कातिलों को संरक्षण दिया, वे आज नाभा जेल में हैं और उनका समर्थन करने वाले भी नहीं बचेंगे। उन्होंने दोहराया कि नशे के दलदल में फंसाकर पंजाब की युवा पीढ़ी को तबाह करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। कानूनी प्रक्रिया में देरी हो सकती है लेकिन न्याय अवश्य होगा।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वे केवल बयानबाज़ी करते हैं। आम जनता से उनका कोई सरोकार नहीं है। अपनी सरकार की प्राप्तियों का ज़िक्र करते हुए मान ने कहा कि हमारी सरकार ने बिना सिफारिश के 55,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी,थर्मल प्लांट खरीदा, प्रत्येक परिवार को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है। आज पंजाब के 90 प्रतिशत घरों के जीरो बिजली के बिल आ रहे हैं।
उन्होंने रवनीत बिट्टू और चरणजीत चन्नी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो मजीठिया की गिरफ्तारी को गलत बताकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, अब माफी मांग रहे हैं। ये सब आपस में मिले हुए हैं। पंजाब की जनता समझदार है अब इनके जाल में फंसने नही वाली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी पार्टियों के नेताओं के पास बताने के लिए कुछ नही है। इनकी राजनीति सिर्फ झूठ की बुनियाद पर टिकी है। उन्होंने बताया कि 10 और 11 जुलाई को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश करेंगे।
मान ने कहा कि 'आप' सरकार आम जनता की सरकार है। इसे चलाने का हक भी केवल जनता का है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुचाएं,हमारे मंत्री प्राथमिकता के आधार पर उन्हें हल करेंगे।
Comments 0