हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार दीनबंधु सर छोटूराम के आदर्शों पर चलते हुए प्रदेश को विकास ्और जनकल्याण के मामले में देश का मॉडल राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है। रहबर-ए-आजम चौ. छोटूराम ने जीवन पर्यंत किसानों, मजदूरों व गरीबों के कल्याण के लिए संघर्ष किया। उन्होंने किसानों, मजदूरों और छोटे दुकानदारों के हितों के लिए कार्य किये।
मुख्यमंत्री ने रोहतक में चौ. छोटूराम के 144 वें जन्मोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत
जाट शिक्षण संस्था को 31 लाख रुपए देने की घोषणा की
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार दीनबंधु सर छोटूराम के आदर्शों पर चलते हुए प्रदेश को विकास ्और जनकल्याण के मामले में देश का मॉडल राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है। रहबर-ए-आजम चौ. छोटूराम ने जीवन पर्यंत किसानों, मजदूरों व गरीबों के कल्याण के लिए संघर्ष किया। उन्होंने किसानों, मजदूरों और छोटे दुकानदारों के हितों के लिए कार्य किये।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को रोहतक जिला में अखिल भारतीय जाट सूरमा स्मारक महाविद्यालय परिसर में रहबर-ए-आजम चौ. छोटूराम के 144 वें जन्मोत्सव में बतौर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने जाट शिक्षण संस्थान परिसर में स्थित चौ. छोटूराम के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने भी पुष्प अर्पित चौ. छोटूराम को नमन किया। अतिथियों ने जाट कॉलेज के सभागार में हरियाणवी विरासत पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
सैनी ने अपने स्वैच्छिक कोष से जाट शिक्षण संस्था को 31 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा, शिक्षा मंत्री ने भी संस्था को 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने संस्था की मांगों के संदर्भ में कहा कि महारानी किशोरी महिला महाविद्यालय में होस्टल के लिए संस्था द्वारा नियमानुसार मैचिंग ग्रांट के रूप में पैसा जमा करवाने उपरांत सरकार की ओर से 10 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा, संस्था द्वारा रखी गई अन्य मांगों की फिजिबिलिटी चैक करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौ. छोटूराम का जीवन एक संदेश है कि अगर हम संकल्प लें और मेहनत करें, तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। चौधरी छोटूराम बहुमुखी प्रतिभा , विचारशील, विवेक एवं सिद्धांतवादी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने गरीबों, दलितों, शोषितों एवं उपेक्षित लोगों के उत्थान एवं सम्मान के लिए जीवनभर लड़ाई लड़ी। गरीबों के सच्चे हमदर्द होने के कारण ही वे दीनबंधु कहलाए।
सैनी ने कहा कि चौ. छोटूराम ने किसानों की आवाज को बुलंद करने के लिए जाट गजट अखबार भी शुरू किया था। चौधरी छोटूराम ने किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलवाने के लिए कृषि उत्पाद मंडी अधिनियम बनवाया था। किसानों को कर्जों से मुक्ति दिलवाई और गिरवी रखी हुई जमीनें उन्हें वापस दिलवाई। चौधरी छोटूराम ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी बल दिया। भाखड़ा बांध परियोजना भी उन्ही की देन है।
कृषि विकास और किसानों की भलाई के लिए समर्पित भाव से काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत के लिए किसान, गरीब, नारी और युवा शक्ति को चार स्तंभ माना है। चौ. छोटूराम की किसान व मजदूर हितैषी नीतियों पर चलते हुए प्रदेश सरकार कृषि के विकास और किसानों की भलाई के लिए समर्पित भाव से काम कर रही है। हाल ही में, राज्य सरकार ने किसान हित में कदम उठाते हुए पट्टेदार किसानों और भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाल करते हुए कृषि भूमि पट्टा एक्ट लागू करके पट्टेदारों को मालिकाना हक दिया है। सरकार फसल से लेकर बाजार तक जुड़ी सभी सुविधाएं किसानों को उपलब्ध करवा रही है। किसानों को पराली प्रबंधन के लिए विभिन्न कृषि यंत्रों पर 122 करोड़ रुपए का अनुदान प्रदान किया गया है।
Comments 0