केंद्र सरकार से मोहाली एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने की अपील
केंद्र सरकार से मोहाली एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने की अपील
ख़बर ख़ास, चंडीगढ़ :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को लुधियाना स्थित हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन अवसर पर केंद्र सरकार से एक बार फिर मांग की कि इस हवाई अड्डे का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखा जाए। उन्होंने इसे देश के सबसे कम उम्र के क्रांतिकारियों में से एक को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किए गए उद्घाटन के दौरान, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू की मौजूदगी में मुख्यमंत्री मान ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा ने मात्र 19 वर्ष की आयु में मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनके बलिदान ने आज़ादी की लड़ाई को नई दिशा दी और शहीद-ए-आज़म भगत सिंह भी उन्हें अपना आदर्श मानते थे।
सीएम ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा इसी क्षेत्र से संबंध रखते थे और उन्होंने अमेरिका की बर्कले यूनिवर्सिटी में एविएशन की पढ़ाई करने के बावजूद अपना उज्ज्वल भविष्य त्याग कर स्वतंत्रता आंदोलन को चुना। ऐसे महान क्रांतिकारी के नाम पर हलवारा एयरपोर्ट का नामकरण होना पूरे पंजाब के लिए गौरव की बात होगी। उन्होंने कहा, “पंजाब गुरुओं, संतों और शहीदों की धरती है, जिसकी हर इंच मिट्टी उनके बलिदानों की गवाह है।”
सीएम मान ने यह भी कहा कि पंजाब के सभी चार हवाई अड्डों को गुरुओं और शहीदों के नाम पर रखने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अमृतसर का श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और आदमपुर का श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा गुरुओं के नाम पर हैं, जबकि मोहाली का शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और प्रस्तावित शहीद करतार सिंह सराभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा हलवारा राज्य के शहीदों को समर्पित होंगे।
गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्ति आंदोलन के महान संत गुरु रविदास महाराज जी के नाम पर आदमपुर एयरपोर्ट का नामकरण गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि समानता और सामाजिक न्याय का संदेश उनकी सरकार की नीतियों का मूल आधार है।
हलवारा एयरपोर्ट के सामरिक महत्व को रेखांकित करते हुए सीएम मान ने बताया कि यह हवाई अड्डा वर्षों से सशस्त्र बलों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने टर्मिनल भवन के निर्माण में योगदान के लिए भारतीय सशस्त्र बलों का आभार व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में केंद्र सरकार से इस एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर चर्चा करेगी।
सीएम ने यह भी याद दिलाया कि 22 मार्च 2023 को पंजाब विधानसभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से हलवारा एयरपोर्ट का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि शहीदों और गुरुओं के नाम पर संस्थानों का नामकरण राज्य सरकार की उस सोच का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उनकी विरासत को सहेजना और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0