कहा: इस साल की विनाशकारी बाढ़ को चेतावनी के संकेत के रूप में माना जाना चाहिए
कहा: इस साल की विनाशकारी बाढ़ को चेतावनी के संकेत के रूप में माना जाना चाहिए
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने दरियाओं के तलों, किनारों तथा सड़क व रेलवे पुलों के आसपास बड़े पैमाने पर हो रहे रेत के खनन को देखते हुए पूरे पंजाब में पर्यावरण ऑडिट कराने की मांग की है। यहां जारी एक बयान में, वड़िंग ने अरावली की पहाड़ियों में अंधाधुंध खनन की अनुमति के खिलाफ उठी पर्यावरण संबंधी चिंताओं, जागरूकता और कड़े विरोध का स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष आई विनाशकारी बाढ़ को राज्य के लिए चेतावनी के संकेत के रूप में देखा जाना चाहिए और यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंजाब में स्थिति भी उतनी ही गंभीर है। उन्होंने कहा कि राज्य पहले ही विनाशकारी बाढ़ का सामना कर चुका है, जिसका कारण विशेषज्ञों ने दरियाओं के किनारों पर अंधाधुंध खनन बताया है। इसी संदर्भ में उन्होंने राज्य-स्तरीय पर्यावरण ऑडिट और ठोस कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर किसी भी तरह की ढिलाई के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि विशेष रूप से सड़क और रेलवे पुलों के पास नदी तल में नए सिरे से पर्यावरणीय मूल्यांकन किया जाना चाहिए, जहां खनन ठेकेदार अनावश्यक खनन करते हैं।
वड़िंग ने कहा कि अरावली का मुद्दा पंजाब के लिए भी एक चेतावनी संकेत के रूप में माना जाना चाहिए। हालांकि अरावली की पहाड़ियों और पंजाब में पर्यावरणीय नुकसान की प्रकृति अलग है, लेकिन कारण एक ही है और वह लालच के चलते किया जाने वाला अवैध खनन है।
उन्होंने कहा कि अरावली का मुद्दा राष्ट्रीय राजधानी के पास होने के कारण ध्यान में आ गया, लेकिन पंजाब में हर कोई इस समस्या पर आंखें मूंदे बैठा है, जो राज्य के लिए स्पष्ट रूप से जीवन और मृत्यु का सवाल है, जिसे इस वर्ष की विनाशकारी बाढ़ ने साफ तौर पर दिखा दिया है।
वड़िंग ने यह भी कहा कि इस मुद्दे को निष्पक्ष सोच के साथ देखा जाना चाहिए और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने की बजाय, सभी को वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर पंजाब के पर्यावरण को बचाने के लिए एकजुट होना चाहिए।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0