डीजीपी ने कहा: संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पंजाब पुलिस दृढ़ता से कर रही है कार्य एसएसपी भागीरथ मीना ने बताया: आरोपी ने पुलिस पार्टी पर की गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
डीजीपी ने कहा: संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पंजाब पुलिस दृढ़ता से कर रही है कार्य एसएसपी भागीरथ मीना ने बताया: आरोपी ने पुलिस पार्टी पर की गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
खबर खास, चंडीगढ़/मानसा :
मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब को सुरक्षित और अपराध-मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मानसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गोलीबारी की घटना में शामिल दो आरोपियों को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरसाहिब सिंह निवासी गुरु नानक पुरा, रूपनगर और रमनप्रीत सिंह निवासी पुख़राली रामपुर, रूपनगर के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि 28 अक्तूबर 2025 को मानसा में एक कीटनाशक दवाइयों की दुकान पर दो मोटरसाइकिल सवारों ने गोलीबारी की थी।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर और .30 बोर की दो पिस्तौलें, नौ जिंदा कारतूस और छह खाली खोल बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध के नेटवर्क को खत्म करने और राज्य में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस बाबत जानकारी देते हुए मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भागीरथ मीना ने बताया कि घटना के बाद तत्काल विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने चकेरिया अंडर ब्रिज–बरनाला रोड क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया और दोनों आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी गुरसाहिब सिंह ने खुलासा किया कि उसने भीखी ड्रेन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक और पिस्तौल छिपाई हुई है। जब पुलिस टीमें बरामदगी के लिए मौके पर पहुंचीं, तो आरोपी ने लोड की हुई पिस्तौल उठाकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल, मानसा भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस पार्टी पर हमले के संबंध में थाना भीखी में अलग मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, पुलिस टीमों ने सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (यू.पी. 20 ए.सी. 1563) भी जब्त कर ली है, जिसका प्रयोग अपराध को अंजाम देने में किया गया था।
इस मामले से संबंधित एफआईआर नंबर 152, दिनांक 28-10-2025 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109, 125, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत थाना सिटी-1, मानसा में दर्ज की जा चुकी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0