श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गुम ‘सरूपों’ के मामले में आप सरकार के यू-टर्न पर कसा तंज
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गुम ‘सरूपों’ के मामले में आप सरकार के यू-टर्न पर कसा तंज
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि प्रदेश कांग्रेस में किसी भी तरह की कोई गुटबाज़ी नहीं है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के विपरीत कांग्रेस लोगों को बांटने के लिए जाति या धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करती है। उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गुम ‘सरूपों’ के मामले में आम आदमी पार्टी सरकार के यू-टर्न पर भी तंज कसा है।
यहां पत्रकारों के साथ एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान, वड़िंग ने कहा कि भाजपा से उलट कांग्रेस जाति या धर्म के नाम पर लोगों को बांटने में विश्वास नहीं रखती है। उन्होंने कहा कि पंजाब खास तौर पर कभी भी जाति या संप्रदाय के आधार पर बांटने में विश्वास नहीं करता रहा है।
प्रदेश कांग्रेस में गुटबाज़ी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में, उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने कहा कि हर संगठन में, यहां तक कि एक परिवार में भी, अक्सर थोड़े-बहुत मतभेद होते हैं। उन्होंने सवाल किया कि कहां हमारे किसी नेता ने एक-दूसरे के खिलाफ या पार्टी के खिलाफ काम किया है?
उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही अनुसूचित जातियों के लिए 34 सीटें आरक्षित हैं, लेकिन यदि एससी समुदाय में अन्य भी योग्य उम्मीदवार हैं, तो उन्हें भी टिकट दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि 50 योग्य एससी उम्मीदवार हैं, तो वे सभी टिकट हासिल करेंगे, चाहे एससी वर्ग के लिए केवल 34 सीटें ही आरक्षित क्यों न हों।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा हाल ही में की गई टिप्पणियों पर सवाल के जवाब में, वड़िंग ने कहा कि वह इस मुद्दे पर टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि चन्नी को उच्च जाति के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाने के बाद मुख्यमंत्री बनाया गया था और इससे पहले उच्च जाति के नेता सुनील जाखड़ को हटाकर उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था।
वड़िंग ने यह भी याद दिलाया कि 2021 में विशेष तौर पर चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया गया था, जबकि इससे पहले किसी भी विधायक ने उनका समर्थन नहीं किया था। इसके बावजूद पार्टी के हर नेता और विधायक ने इस फैसले का स्वागत किया था।
इस सवाल पर कि क्या चन्नी भाजपा का एजेंडा आगे बढ़ा रहे हैं और क्या कुछ भाजपा नेताओं ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है, के संबंध में वड़िंग ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
वहीं पर, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गुम ‘सरूपों’ के मामले पर आप सरकार के यू-टर्न को लेकर एक अन्य सवाल के जवाब में, वड़िंग ने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि जब प्रदेश सरकार ने ऐसा किया हो। हमें खुद यह स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में मुख्यमंत्री की बात मानी जाए या फिर वित्त मंत्री की बात को माना जाए।
इसी तरह, 23 जनवरी को पार्टी हाईकमान के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं की होने वाली बैठक के बारे में, वड़िंग ने कहा कि इसका एजेंडा आम आदमी पार्टी को सत्ता से हटाने, भाजपा की विभाजनकारी राजनीति का मुकाबला करने और बेअदबी मामलों में अकाली दल को जवाबदेह बनाने पर केंद्रित होगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0