बोले, कमर तोड़ महंगाई का हल करना चाहिए था
बोले, कमर तोड़ महंगाई का हल करना चाहिए था
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया बजट उम्मीदों के मुताबिक काफी निराशाजनक रहा है।
उन्होंने कहा कि आम लोग बजट की बारीकियों को ज्यादा नहीं समझते हैं, बल्कि लोगों के लिए जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतें और घटती आमदनी ही असली मुद्दा होता है। लेकिन दुख की बात है कि बजट इन बुनियादी मुद्दों को हल करने में असफल रहा है।
वड़िंग ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए, कहा कि वित्त मंत्री ने अपने भाषण में पंजाब का एक बार भी जिक्र नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह बजट उसी दिन पेश किया गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब में श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में शामिल होने आए हुए थे।
उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि जब प्रधानमंत्री पंजाब में बड़े-बड़े दावे कर रहे थे, उसी समय संसद के अंदर उनकी वित्त मंत्री उन दावों को झुठला रही थीं। इस बजट में पंजाब को कुछ भी नहीं मिला है, यहां तक कि नाम तक नहीं लिया गया।
वड़िंग ने कहा कि जब प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा बजट पेशी के साथ मेल खाता था, तो उन्हें पंजाब में श्री गुरु रविदास महाराज जी के नाम पर यूनिवर्सिटी खोलने का ऐलान करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि बजट भाषण किसी भी तरीके से पंजाब में किए गए प्रधानमंत्री के दावों से मेल नहीं खाता।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के मुद्दों, खासकर फसलों पर गारंटीशुदा एमएसपी के लंबे समय से लंबित वादे को पूरा कर सकती थी, लेकिन इसे भी नजरअंदाज कर दिया गया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वास्तव में यह बजट वित्तीय बयान से ज्यादा पांच राज्यों में आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया एक “चुनावी बयान” ज्यादा लगता है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0