भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के बाद हुए युद्धविराम का स्वागत करते हुए पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब राजभवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में कहा कि ऐसे समय में सतर्कता कम नहीं होनी चाहिए और इस प्रकार की चुनौतियों का डटकर सामना करना चाहिए।
सर्वदलीय बैठक दौरान सशस्त्र बलों को समर्थन और नागरिक सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द पर दिया बल
खबर खास, चंडीगढ़ :
भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के बाद हुए युद्धविराम का स्वागत करते हुए पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब राजभवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में कहा कि ऐसे समय में सतर्कता कम नहीं होनी चाहिए और इस प्रकार की चुनौतियों का डटकर सामना करना चाहिए।
राज्यपाल ने पंजाब की जनता का भारतीय सशस्त्र बलों का पूरी तरह से समर्थन करने हेतु आभार प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को करारा जवाब दिया है। श्री कटारिया ने नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकता यही है कि चौकसी बनाए रखी जाए।
बैठक के दौरान, राज्यपाल ने सभी राजनीतिक दलों की इस बात से सहमति जताई कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब में औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए विशेष वित्तीय पैकेज दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस अवसर पर कहा कि पंजाब के लोग राजनीति या धर्म के आधार पर विभाजित नहीं हैं, बल्कि जब भी राज्य के हितों की बात आती है तो सभी एकजुट होकर संघर्ष के लिए तत्पर रहते हैं, फिर चाहे वह नदी जल विवाद हो या फिर औद्योगिक पैकेज की माँग।
इससे पूर्व, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित एक सर्वधर्म बैठक में राज्यपाल ने समाज के सभी वर्गों को एकजुट होने और बाहरी चुनौतियों का डटकर सामना करने के लिए हमारे वीर सशस्त्र बलों के साथ मजबूती से खड़े होने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ चेतावनी देते हुए ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की वकालत की।
Comments 0