सीएम भगवंत मान की पुलिस नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय बैठक, ‘युद्ध नशेयन विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरां ते वार’ को जड़ से खत्म करने का संकल्प
सीएम भगवंत मान की पुलिस नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय बैठक, ‘युद्ध नशेयन विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरां ते वार’ को जड़ से खत्म करने का संकल्प
ख़बर ख़ास, चंडीगढ़ :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशे और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुरुवार को पुलिस कमिश्नरों, आईजी, डीआईजी और एसएसपी के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम ने कहा कि ‘युद्ध नशेयन विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इन्हें जड़ से समाप्त करना ही अंतिम लक्ष्य है।
सीएम ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता है। उन्होंने अधिकारियों से ज़मीनी स्तर पर ठोस नतीजे देने, आपसी समन्वय बढ़ाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। सीएम मान ने दोहराया कि पंजाब पुलिस की गौरवशाली विरासत रही है और मौजूदा चुनौती का सामना भी उसी दृढ़ता से करना होगा।
उन्होंने बताया कि जनता के सहयोग से दोनों विशेष अभियान प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहे हैं और इसके उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि इन सामाजिक बुराइयों को अंतिम और निर्णायक चोट दी जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं इन अभियानों की रोजाना निगरानी करेंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही पर सख्त जवाबदेही तय होगी।
सीएम मान ने यह भी कहा कि पुलिस को आधुनिक तकनीक, मानव संसाधन और बुनियादी ढांचे से सुसज्जित करने के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने हथियार लाइसेंसों की राज्यव्यापी समीक्षा का निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी लाइसेंस का दुरुपयोग पाया जाता है तो उसे तुरंत रद्द किया जाए।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सीएम ने रोजगार, शिक्षा और करियर काउंसलिंग को अहम हथियार बताया। उन्होंने विशेष रूप से ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में स्कूल ड्रॉपआउट दर कम करने और व्यापक करियर काउंसलिंग अभियान चलाने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, डीजीपी गौरव यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0