पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब) ने शैक्षणिक और शोध उत्कृष्टता में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के फार्मास्युटिकल साइंसेज और प्राकृतिक उत्पाद विभाग के प्रो. राज कुमार को जैविक विज्ञान क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए विज़िटर अवार्ड 2023 से सम्मानित किया गया है।
खबर खास, बठिंडा :
पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब) ने शैक्षणिक और शोध उत्कृष्टता में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के फार्मास्युटिकल साइंसेज और प्राकृतिक उत्पाद विभाग के प्रो. राज कुमार को जैविक विज्ञान क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए विज़िटर अवार्ड 2023 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित विज़िटर कॉन्फ्रेंस 2024-25
के दौरान प्रदान किया गया।
वर्ष 2014 में शुरू हुए विज़िटर अवार्ड का उद्देश्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों के संकाय सदस्यों द्वारा किए गए अनुसंधान और नवाचार में उत्कृष्टता को मान्यता प्रदान करना है और वैश्विक स्तर पर वैज्ञानिक प्रगति को बढ़ावा देना है। इस वर्ष प्रो. राज कुमार को उनके कैंसर जीवविज्ञान में किए गए अग्रणी शोध के लिए सम्मानित किया गया। उनके अनुसंधान ने कैंसर के जैविक लक्षणों की समझ, दवा निर्माण और संश्लेषण, दवा प्रतिरोध और सिंथेटिक एंटी-कैंसर लीड अणुओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई केंद्रीय उच्च शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख सम्मिलित हुए। इस अवसर पर सीयू पंजाब के कुलपति प्रो. राघवेंद्र प्रसाद तिवारी भी शामिल हुए। जैविक विज्ञान में अनुसंधान के लिए विजिटर्स पुरस्कार दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर रीना चक्रवर्ती और पंजाब केन्द्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राज कुमार को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। प्रोफेसर चक्रवर्ती को यह पुरस्कार स्थायी मीठे पानी की जलीय कृषि में उनके शोध योगदान के लिए दिया गया है, जबकि प्रोफेसर राज कुमार को विभिन्न कैंसर हॉलमार्क की खोज और सिंथेटिक एंटीकैंसर लीड अणुओं के विकास में उनके शोध योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। इस पुरस्कार में प्रशंसा पत्र और ₹1,25,000/- का नकद पुरस्कार शामिल है।
प्रो. राज कुमार का शोध कैंसर उपचार में दवा प्रतिरोध जैसी प्रमुख चुनौती से निपटने पर केंद्रित है। उनकी टीम ने नॉन-कवैलेंट और रिवर्सिबल ईजीएफआर अवरोधकों को विकसित करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है, जो ट्यूमर माइक्रोएनवायरनमेंट और ग्रोथ फैक्टर रिसेप्टर्स को लक्षित करते हैं। इसके अलावा उनका शोधकार्य कंप्यूटर आधारित दवा डिजाइन और नवोन्मेषी दवा वितरण प्रणाली पर केंद्रित है, जिसमें रेडॉक्स-साइक्लर डॉक्सोरूबिसिन और प्राकृतिक एंटी-कैंसर एजेंट्स का उपयोग किया गया है। हाल ही में उनकी टीम ने प्रोटीन डिग्रेडर्स विकसित करने में भी सफलता पाई है। उन्होंने कैंसर अनुसंधान और नई दवाइयों की खोज में लंबी शोधयात्रा तय की है। उनकी लेबोरेटरी विभिन्न कैंसर हलमार्क्स पर शोध कर रही है। उनका शोध मुख्य रूप से कैंसर हालमार्क्स को समझने और ऐसी दवाएं विकसित करने पर केंद्रित है, जो ग्रोथ फैक्टर रिसेप्टर्स और ट्यूमर माइक्रोएनवायरनमेंट को प्रभावित कर सकें।
Comments 0